पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से 9 वर्षीय मासूम आयुष चौरसिया पुत्र सुरेश चौरसिया, की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पढ़ें :- BJP अगर ये सोच रही है कि वो सपा के ‘छात्र सभा’ के युवाओं को छात्रों के बीच जागरूकता अभियान चलाने से रोक लेगी तो ये उसकी ग़लतफ़हमी है: अखिलेश यादव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे आयुष अपने माता-पिता के साथ खेत में धान का बीया (नर्सरी) काटने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। आयुष इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मासूम बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन हर आंख नम है। जिसने भी इस घटना की जानकारी सुनी, वह स्तब्ध रह गया।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बरसात के मौसम में खेतों और खुले स्थानों पर काम करते समय विशेष सतर्कता बरतना कितना जरूरी है। प्रकृति की एक अप्रत्याशित मार ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।
पढ़ें :- एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में आया कोर्ट का फैसला, सिपाही प्रशांत चौधरी दोषी करार
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट