लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है। इसलिए अखिलेश जी मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं। मेरे परम मित्र और पारिवारिक सदस्य केशव प्रसाद मौर्य और मेरे घर के दरवाजे जनता जनार्दन की सेवा के लिए 24 घंटे खुले हैं। हम बातों से ज्यादा धरातल पर कार्य करने में भरोसा रखते हैं।
पढ़ें :- बिजली कटौती को लेकर योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई: कई अधिकारी हुए सस्पेंड, लापरवाह अफसरों पर भी लटकी कार्रवाई की तलवार
तुष्टीकरण और कुत्सित राजनीति आपकी वही पुरानी नीति है, जनता सब जानती है। कुर्सी मोह से ग्रसित कुत्सित राजनीति का जनता पर असर नहीं होने वाला है। यह नया उत्तर प्रदेश है यहां विकास भी है, जनता का विश्वास भी है, साथ भी है और आशीर्वाद भी है।
ब्रजेश पाठक ने आगे लिखा, मेरी आपको सलाह है कि फर्जी बयानों में कुछ नहीं रखा है, जनता सब कुछ जानती है। चुनावो में जनता लगातार आपको आईना दिखाती रहती है और आगामी चुनावों में भी दिखाएगी। हम भगवान बुद्ध के शांति, बंधुत्व और सौहार्द के पथ पर सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा के साथ अग्रसर हैं और प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की पूर्ति लिए दृढ़संकल्पित हैं। जनता के विश्वास और आशीर्वाद से भाजपा पुनः 2027 में सरकार बनाने वाली है।
वहीं, इससे पहले केशव मौर्य ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि, अखिलेश यादव जी, एक फिट और हिट जोड़ी से आपका घबराना निहायत ही जायज है। आपकी जानकारी के लिए यह अच्छा भी है क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक जी की जोड़ी आज जनता के भरोसे की पहचान बन चुकी है। मैं, महान चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का प्रतिनिधि हूं और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हूं। इसके साथ ही करुणावतार भगवान गौतम बुद्ध की विरासत से भी जुड़ा हूं जिन्होंने संसार को शांति, समता और न्याय का मार्ग दिखाया।
लेकिन योजनाबद्ध तरीके से आपके संरक्षण में शाक्य समाज सहित कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित व कमजोर वर्गों पर किए गए अत्याचारों को देश-प्रदेश न भूला है और न ही भूलेगा। इन अन्यायों का जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से कमल खिलाकर दिया जाएगा। 2047 तक विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ हर अन्याय का पूरा हिसाब किया जाएगा।
पढ़ें :- BJP और उनके साथियों के निर्माणों व आपदाओं के नाम पर बटोरे गये ‘तरह-तरह’ के चंदे का हिसाब मांगा जाए और उनका हो ऑडिट: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहीं थीं ये बातें
बता दें कि, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक की वीडियो पर तंज कसा था। उन्होंने दोनों डिप्टी सीएम की वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था कि, दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती।