पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को नौतनवां नगर में जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने नगर पालिका कार्यालय सहित प्राथमिक विद्यालय, केपी गर्ल्स इंटर कॉलेज, मधुबन इंटर कॉलेज और अगप मिशन स्कूल में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पढ़ें :- पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने किया मिनी नलकूप निर्माण कार्य का निरीक्षण
इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का गौरव और राष्ट्रीय पर्व है, जिसे हम सभी उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाते हैं। यह दिन उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रमों के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, अनिल जायसवाल, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल और विशाल जायसवाल के अलावा राजकुमार गौड़, अवधेश चौबे, प्रमोद पाठक, नेबुलाल, विजय उपाध्याय, नीतेश मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट