पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा कस्बे में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात यह हो गए हैं कि अब न घर-आंगन सुरक्षित हैं, न ही मंदिर और न सार्वजनिक वाहन। बीते दिनों ई-रिक्शा, बस और मंदिर से हुई लगातार चोरी की वारदातों ने नगर में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोग पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगा रहे हैं कि कई मामलों में कार्रवाई के बजाय समझौते की चर्चाएं हो रही हैं, जिससे चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
पढ़ें :- यूपी के कॉलेज-यूनिवर्सिटी में भी लागू होगा ड्रेस कोड, राज्यपाल बोलीं- सामाजिक भेदभाव की भावना कम होगी
आंगन से ई-रिक्शा की बैटरी चोरी, लोगों ने दौड़ाकर पकड़े युवक
ताजा घटना मंगलवार देर रात उस्मान नगर की है, जहां निवासी दिनेश पुत्र रामचंद्र के घर के आंगन में खड़े ई-रिक्शा की बैटरी चोरी कर ली गई। रात करीब तीन बजे चार्जिंग बंद होने पर दिनेश की नींद खुली तो पाया कि चार बैटरियों में से एक बैटरी गायब है। परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो पीछे के रास्ते से यूपी 56 एटी 5916 नंबर का एक ई-रिक्शा संदिग्ध स्थिति में गुजरता दिखा। रोकने पर सवार दो युवक भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा कर श्याम मंदिर के पास दोनों को धर दबोचा। तलाशी में बोरे से चोरी की बैटरी बरामद हुई।
पीड़ित दिनेश कुमार ने बताया कि रात होने के कारण दोनों युवकों को ई-रिक्शा और बरामद बैटरी सहित घर पर ही रोका गया और सुबह होते ही थाने सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक कस्बे के ही रहने वाले हैं। पीड़ित ने उनसे सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
KGN मार्केट में मोबाइल चोरी, CCTV फुटेज से खुली पोल
पढ़ें :- नाबालिग बेटी के 6 टुकड़े कर सर तालाब में फेंका, दूसरे समुदाय के लड़के से बात करने से खफा था मुस्लिम पिता
वहीं बुधवार शाम कस्बे के केजीएन मार्केट में खरीदारी कर रहे एक ग्राहक का मोबाइल एक युवक ने चोरी कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दुकानदार की सूझबूझ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रात में ही युवक को मोबाइल सहित हिरासत में ले लिया।
माता बनैलिया मंदिर का मुकुट चोरी, सर्राफा व्यापारी से मिले टुकड़े
14 मई को माता बनैलिया मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की घटना अब भी नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मुकुट बरामद होने के साथ एक सर्राफा व्यापारी से उसके टुकड़े भी मिले थे। बाद में मामले में समझौते की चर्चा सामने आने लगी, जिस पर लोगों ने नाराजगी जताई है। नगरवासियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों से चोरी जैसे गंभीर मामलों में समझौता अपराध बढ़ाने का काम करेगा।
बस से दोनों बैटरियां गायब, बढ़ती चोरी से दहशत
घनश्याम नगर निवासी मसूद अख्तर की बस यूपी 86 टी 0291 मंडी के पास रोज की तरह खड़ी थी। 16 मई की रात भी बस वहीं खड़ी रही, लेकिन रविवार सुबह दोनों बैटरियां गायब मिलीं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
पढ़ें :- विजय सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार, कांग्रेस की 59 साल बाद सत्ता में वापसी
पुलिस पर सवाल, गश्त बढ़ाने की मांग
नगरवासियों का कहना है कि चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं, जबकि पुलिस की रात में गश्त न के बराबर है। लोगों ने चोरी में शामिल सभी आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई और नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सख्त कार्रवाई के निर्देश : CO बसंत सिंह
इस संबंध में सीओ बसंत सिंह ने बताया कि मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। चोरी की सभी घटनाओं का खुलासा कर आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया के साथ मोहम्मद आरिफ की रिपोर्ट