Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार,पुलिस मुठभेड़ में हुए घायल

स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार,पुलिस मुठभेड़ में हुए घायल

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: शनिवार की भोर में महराजगंज में पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में धर्मपुर बाजार में असलहे के दम पर सराफा कारोबारी को लूटने वाले दो बदमाश दबोचे गए। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लगी। दोनों गोरखपुर के रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

पढ़ें :- भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे SSB के DIG, सोनौली बॉर्डर पर ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा

बीते 4 मई को भिटौली क्षेत्र के धर्मपुर स्थित अभिषेक ज्वेलर्स की दुकान में तमंचे के बल पर दिनदहाड़े लूट हुई थी। इसमें दो बदमाश सफेद अपाची बाइक से आए थे। इस मामले में एसपी सोमेन्द्र मीना ने तीन टीमों का गठन किया था और टीमें तभी से लगातार दबिश देकर सुराग जुटा रही थीं।

शनिवार की भोर में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भिटौली थाना क्षेत्र के अगया नहर के पास से बदमाश गुजरने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस ने भोर में चार बजे नहर पटरी पर घेराबंदी कर दी। इसी बीच अपाची सवार दो लोग आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वे भागने लगे और उनमें से एक ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग किया तो गोरखपुर के रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के रहने वाले अरविन्द उर्फ बड़कू के पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने घेर कर दोनों को पकड़ लिया। दूसरा अनूप राजभर भी रामगढ़ ताल क्षेत्र का बताया जा रहा है। दोनों के कब्जे से पुलिस ने एक बैग भी बरामद किया है। पुलिस ने लूटे हुए ज्वेलरी को भी बरामद किया है। साथ में सफेद रंग की अपाची बाइक व असलहा भी पुलिस के हाथ लगा है। गोली लगने से घायल अरविन्द उर्फ बड़कू को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परतावल भेजा गया। पुलिस के आला अधिकारी घटना की मानिटरिंग करते रहे।

भिटौली एसओ मदन मोहन मिश्र ने बताया कि पुलिस नहर पटरी के रास्ते से जा रहे बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अरविन्द के पैर में गोली लगी और दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पढ़ें :- UPPSC APS 2023 : यूपीपीएससी ने अपर निजी सचिव की भर्ती रद्द की, 331 पदों के लिए एक भी अभ्यर्थी नहीं मिला योग्य

Advertisement