Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रोहिन बैराज में नहाने के दौरान हादसा, दो युवकों की डूबने से मौत

रोहिन बैराज में नहाने के दौरान हादसा, दो युवकों की डूबने से मौत

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 के पास रविवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया।

पढ़ें :- सेवा, समर्पण, मूल्यों और आदर्शों पर आधारित राजनीति का आग्रह सदैव अटल जी का रहा: सीएम योगी

मृतकों की पहचान प्रिंस वर्मा (20) पुत्र विनय वर्मा, निवासी महुअवा, थाना सोनौली तथा मोनू साहनी (14) पुत्र पवन साहनी के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार को दोनों रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 के पास नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

हादसे की सूचना मिलते ही परसामलिक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोनों की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह तथा थानाध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

एक ही हादसे में दो जिंदगियों के बुझ जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना के बाद बैराज क्षेत्र में भी सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय लोगों ने रोहिन बैराज और जलाशय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

पढ़ें :- Video : सपा प्रमुख से युवती ने कहा 'कान की बाली ले लो पर सरकार बनाओ आप', अखिलेश बोले-अपनी बहनों का साथ हम पाएंगे, मिलकर बनाएंगे ‘पीडीए सरकार’
Advertisement