Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी में अंबेडकर पोस्टर विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव में ACP का सर फटा

वाराणसी में अंबेडकर पोस्टर विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव में ACP का सर फटा

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Varanasi: वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में डॉ. अंबेडकर के पोस्टर और झंडे जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। अंबेडकर जंयती के मौके पर दलित समाज के लोगों ने गांव में पोस्टर और झंडे लगाए थे, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें फाड़कर जला दिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले में दलित समाज का आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए दूसरे पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली। इसी से नाराज होकर लोगों ने शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें हटाने की कोशिश की।

पढ़ें :- लखनऊ अग्निकांड: 8 घंटे जद्दोजहद के बाद बुझी आग, मलबे से दो बच्चों के शव मिले

लाठीचार्ज से आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे हालात और बिगड़ गए। पथराव में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि चोलापुर थाने के दो दरोगा भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को काबू में किया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 4 आईपीएस, 2 एसीपी समेत 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी गांव में तैनात हैं और लगातार गश्त कर रहे हैं, ताकि दोबारा कोई बवाल न हो। डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि चक्का जाम और धरने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी और अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनाव अब भी बना हुआ है।

Advertisement