मुंबई : मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म डायरेक्टर सिकंदर भारती ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। वे 60 साल के थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने शुक्रवार (24 मई) को अंतिम सांस ली। आज मुंबई वेस्ट के जोगेश्वरी स्थित ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अभी तक यह बात सामने नहीं आई है कि उनके निधन की वजह क्या थी।
पढ़ें :- Ladakh Zanskar Valley : प्राकृतिक सुंदरता के बीच लद्दाख पहुंचे सनी देओल , मना रहे हैं छुट्टियां
सिकंदर अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। पत्नी पिंकी और बेटियां सिपिका, युविका और सुकरात उनके निधन से सदमे में हैं। सिकंदर के अचानक दुनिया से रुखसत होने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। फिल्म बिरादरी से जुड़े लोग और फैन्स उनके योगदान को याद कर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सिकंदर ने बॉलीवुड को कई शानदार फ़िल्में दी।
फिल्मों का निर्देशन करने के साथ सिकंदर लेखक और गीतकार भी थे। वे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुद की लिखी गई शायरियों को साझा करते थे। सिकंदर का नाम उन निर्देशकों में शुमार रहा है, जिनका अपने हर एक्टर के साथ अच्छा बॉन्ड रहा। अपने साथ काम करने वाले सभी कलाकारों के साथ वो अच्छे से रहते थे, यही वजह है कि इंडस्ट्री में लंबे समय तक रहने के बावजूद उनका किसी विवाद से कोई नाता नहीं रहा।