Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, 4 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, ओलावृष्टि और बर्फबारी से बढ़ी मुश्किलें

हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, 4 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, ओलावृष्टि और बर्फबारी से बढ़ी मुश्किलें

By Sushil Sah 
Updated Date

हिमाचल प्रदेश। मानसून खत्म होने के बाद भी हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का सिलसिला अभी भी जारी है। 8 अक्टूबर को मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और तेज झोंकों में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

पढ़ें :- राष्ट्रपति मुर्मु लॉन्ग वूलन कोट पहनकर बर्फबारी के बीच अटल टनल पहुंचीं, अधिकारियों से ली देश की अहम परियोजना की जानकारी

बता दें कि बीते दिनों हिमाचल के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आई है और पहाड़ों में ठंड बढ़ने लगी है।

इस बदलते मौसम के रूख का असर यहां के किसानों पर भी पड़ा है। किन्नौर के चौरा और तरंडा क्षेत्रों में ओलावृष्टि से फसलों और पशुओं के चारे को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कई जगह खेतों में तैयार फसलें प्रभावित हुई हैं। शिमला में बारिश के चलते धल्ली-संजौली बाईपास पर भूस्खलन की घटना भी सामने आई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, 9 अक्टूबर को भी कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान खासकर पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसका मतलब है कि हिमाचल में मानसून भले ही जा चुका है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम को फिर से बदल दिया है। साथ ही बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने ठंड के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

पढ़ें :- शिमला के जुब्बल में देर रात भड़की भीषण आग, पांच घर राख, मची अफरा-तफरी
Advertisement