पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा कस्बे के एक रेस्टोरेंट में भोजन के दौरान स्टील का टुकड़ा मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद विवाद गहरा गया। पत्रकार आकाश पांडेय ने आरोप लगाया कि खबर से नाराज रेस्टोरेंट संचालक ने सोशल मीडिया पर कार्टूननुमा और अमर्यादित वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
पढ़ें :- कासगंज में ट्यूबवेल की छत पर मिला युवती का शव, रात से थी लापता; गला काटकर हत्या का आरोप
मामले की जानकारी मिलते ही जिलेभर के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल तथा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पत्रकार आकाश पांडेय ने अधिकारियों को बताया कि रेस्टोरेंट में भोजन में स्टील का टुकड़ा मिलने की जनहित से जुड़ी खबर प्रसारित करने के बाद उन्हें कथित तौर पर निशाना बनाया गया। पत्रकारों ने कहा कि खबर से असहमति का जवाब तथ्यों और कानून के दायरे में दिया जाना चाहिए, सोशल मीडिया पर किसी पत्रकार की छवि खराब करने के प्रयास से नहीं।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट