पटना। राजद नेता तेजस्वी यादव बिहार में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। रैलियों में अक्सर वो एनडीए सरकार और पीएम मोदी पर हमलावर दिख रहे हैं। इस बीच उन्होंने कहा कि, हमने तो 17 महीनों में जॉब शो कर के दिखाया है लेकिन आप चाहे एयर शो करे या रोड शो लेकिन यह बताएं कि इससे बिहार और युवाओं का क्या भला होगा?
पढ़ें :- ICC Cricket World Cup 2027 Schedule : आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 शेड्यूल का ऐलान, जाने कब होगा IND vs PAK हाई वोल्टेज मैच?
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा कि, मैं हाथ जोड़ कर विनम्रतापूर्वक प्रधानमंत्री मोदी जी से पूछना चाहता हूं कि आप इस चुनाव में 8—10 बार बिहार आ चुके है लेकिन एक बार भी आपने यह नहीं बताया कि विगत 10 वर्षों में आपने बिहार को क्या दिया? 2014 में बिहार ने एनडीए को 33 और 2019 में 40 में से 39 सांसद दिए लेकिन आपने बिहार को निल बट्टे सन्नाटा दिया। आपने जितने वादे किए थे उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया।
उन्होंने आगे कहा कि, चुनाव के वक्त आप बिहार की सड़कों पर भ्रमण करने निकल रहे है लेकिन आपका बिहार के लिए क्या विजन डॉक्यूमेंट है? बिहार के विकास, आर्थिक प्रगति, नौकरी-रोजगार देने एवं पलायन रोकने का आपका क्या मॉडल है, इसका आपने एक बार भी ज़िक्र नहीं किया है? हमने तो 17 महीनों में जॉब शो कर के दिखाया है लेकिन आप चाहे एयर शो करे या रोड शो लेकिन यह बताएं कि इससे बिहार और युवाओं का क्या भला होगा?
साथ ही कहा, वैसे भी पूरा बिहार जानता है आप यहां नकारात्मक राजनीति करने, 10 वर्ष बाद भी विपक्ष को कोसने, भला-बुरा कहने, हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद करने, झूठ-अफ़वाह और भ्रम फैलाने के अलावा कुछ कर भी नहीं सकते और बोल भी नहीं सकते। यही सत्य है, है ना प्रधानमंत्री जी?