आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के अछनेरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी की हत्याकर शव को जला दिया। वारदात के बाद साक्ष्य को मिटाने के लिए पत्नी की अस्थियों को यमुना नदी में विसर्जित कर दिया। इसके बाद आरोपी थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। मायकेवालों की शिकायत पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की, जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़ें :- सीएम योगी ने यूपी पुलिसकर्मियों का किया सम्मान, बोले- 2017 के पहले हर जिले में होते थे दंगे
कुकथला निवासी लोकेंद्र की शादी 2022 में अकबरा निवासी चांदनी के साथ हुई थी। दोनों की करीब दो वर्ष की बेटी सिद्धि है। चांदनी के परिजनों का आरोप है कि, शादी के बाद से अक्सर लोकेंद्र पत्नी चांदनी के साथ मारपीट करता था। घटना के बाद आरोपी ने पत्नी के गुमशुदगी की जानकारी थाने में दी, जिसके बाद चांदनी के परिजनों ने भी इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस की टीम चांदनी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए गांव पहुंची। पुलिस के वहां पहुंचते ही वहां की स्थिति काफी संदिग्ध लगी, जिसके बाद फॉरेंसिंक टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस लोकेंद्र से लगातार पूछताछ करती रही, जिसके बाद वो लगातार अपना बयान बदलता रहा। पुलिस को लोकेंद्र पर शक गहराता गया। पुलिस की लगातार पूछताछ में आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि, पत्नी चांदनी की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के पीछे बने टिनशेड में जला दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अस्थियों को आगरा ले जाकर यमुना में विसर्जित कर दिया गया।
मृतका के भाई मनोज निवासी अकबरा, थाना सिकंदरा ने अछनेरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मायका पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी पति लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि, आरोपी ने घटना से पहले कई बार दृश्यम फिल्म को देखा था। आरोपी को लग रहा था कि, घटना के बाद वो पुलिस से बच जाएगा, जिसके कारण उसने कई बार फिल्म को देखा। मगर वो अपने ही बुने जाल में फंस गया। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य से उसे पकड़ लिया गया।
पढ़ें :- सुल्तानपुर में डबल मर्डर: बेखौफ बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट