Virat Kohli Injury Update: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत ने जीत के साथ दमदार शुरुआत की है। टीम ने गुरुवार को खेले गए पहले वनडे में 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में हर्षित राणा, रविंद्र जड़ेजा, श्रेयस अय्यर, शुबमन गिल और अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, मैच की एक बड़ी हाईलाइट स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रहे।
पढ़ें :- Asian Champions Trophy 2026 : भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने पहले मुकाबले में कल बांग्लादेश से भिड़ेगी, अब चैंपियंस ट्रॉफी पर नजर
दरअसल, नागपुर के स्टेडियम में बैठे फैंस को उम्मीद थी कि उनके चहिते विराट कोहली को वह खेलते हुए देखेंगे, लेकिन टॉस के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने जब बताया कि विराट कोहली फिट नहीं और इस मैच में नहीं खेल रहे हैं तो सबका दिल टूट गया। रोहित ने कहा, ‘जायसवाल और हर्षित अपना डेब्यू कर रहे हैं, दुर्भाग्य से विराट नहीं खेल रहे हैं, उन्हें कल रात घुटने में समस्या थी।’ इसके बाद विराट कोहली सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे।
हालांकि, शुबमन गिल और श्रेयस अय्यर की शानदार बल्लेबाजी ने मिडिल ऑर्डर में कोहली की कमी महसूस नहीं होने दी। एकतरफ जहां गिल ने दो विकेट जल्दी गिरने के बाद सूझबूझ से बल्लेबाजी की। वहीं, दूसरी तरफ अय्यर आक्रामक तेवर में नजर आए। लेकिन फैंस के मन में अभी यह सवाल है कि कोहली की चोट कितनी गंभीर और वह अगले मैच में खेलेंगे या नहीं? जिसको लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
दूसरे वनडे में विराट कोहली की हो सकती है वापसी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, टीम के सहयोगी स्टाफ के सूत्र के अनुसार, कोहली को आराम देने का फैसला बुधवार देर रात लिया गया। सूत्र बताया, “प्रैक्टिस के दौरान उनका दाहिना घुटना ठीक था, लेकिन होटल वापस आने के बाद, यह सूज गया।” उन्होंने कहा, “हालांकि यह इतना बुरा नहीं लगता। पूरी संभावना है कि वह कटक वनडे खेलेंगे।” 36 वर्षीय कोहली को अभी तक स्कैन के लिए नहीं ले जाया गया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि कोहली एनसीए में एक त्वरित जांच के लिए बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे या अगले मैच के लिए टीम के साथ कटक जाएंगे।
पढ़ें :- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 11वीं गिरफ्तारी, बिश्नोई गैंग कनेक्शन की जांच तेज
दूसरी तरफ, नागपुर वनडे में प्लेयर ऑफ द मैच रहे शुबमन गिल ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘जब वह सुबह उठे तो उनके घुटने में सूजन थी। कल के अभ्यास सत्र तक वह ठीक थे। चिंता की कोई बात नहीं है। वह अगले मैच के लिए निश्चित रूप से फिट होंगे।’ इससे साफ हो गया है कि कटक में कोहली की वापसी की पूरी संभावना है। बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे सीरीज का दूसरा मैच रविवार 9 फरवरी को कटक में खेला जाएगा।