पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज की ओर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले एसएसबी जवानों ने शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का जोश भर दिया।
पढ़ें :- पीएम मोदी, बोले-मोबाइल पर थोड़ी मिट्टी डालो,फोन तुरंत देता है उसकी गुणवत्ता रिपोर्ट, राहुल गांधी ने कहा Teleprompter से नज़र हटी, दुर्घटना घटी!
रैली का नेतृत्व 22वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर ने किया। इसमें वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जवानों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।
रैली 22वीं वाहिनी के मुख्य द्वार से शुरू होकर चौराहा रोड, फरेंदा रोड, टावर चौक और बस स्टैंड होते हुए पुनः वाहिनी परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान एसएसबी जवानों ने आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया और लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा। तिरंगा हाथों में थामे एसएसबी जवानों का जोश और अनुशासन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
पढ़ें :- अगर संविधान रहेगा, तो आरक्षण रहेगा और न्याय मिलेगा : अखिलेश यादव
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट