Political Updates: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोकसभा में समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक और आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी संसद में एक निजी सदस्य विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। इस विधेयक में महिला आरक्षण कानून के तहत ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) और मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की मांग की जाएगी।रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष ने 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून का समर्थन किया था, लेकिन सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी करने में तीन साल की देरी की है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर आरक्षण 2011 की जनगणना के आधार पर लागू किया जाना था, तो 2023 में नया मसौदा लाने की क्या जरूरत थी।
पढ़ें :- सरकार सोच रहीं है 'प्रधान का मंत्रालय बदल दिया जाए, तो हम ये होने नहीं देंगे, उन्हे पद से हटना ही होगा': राहुल गांधी
सपा सांसद ने परिसीमन के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और असम में हुए परिसीमन के बाद विपक्ष का भरोसा कमजोर हुआ है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मेंद्र यादव ने मौजूदा कानून में ओबीसी और मुस्लिम महिलाओं के प्रतिनिधित्व को लेकर स्पष्ट प्रावधान न होने को “सबसे बड़ी खामी” बताया। उन्होंने कहा कि इसी कमी को दूर करने के लिए पार्टी संसद में निजी सदस्य विधेयक लाने जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है, लेकिन इसे सभी वर्गों की महिलाओं के लिए समान रूप से लागू करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस बिल को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।