Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद कैबिनेट विस्तार की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। 14 जनवरी के बाद योगी कैबिनेट का विस्तार होना तय माना जा रहा है। इसमें कई नए चेहरों को जगह मिलेगी। साथ ही, यूपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का भी मंत्री बनना तय हो गया है। दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही 14 जनवरी के बाद करीब आधा दर्जन नए चेहरे योगी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।
पढ़ें :- Naval Gallantry Park : राजनाथ सिंह, बोले-अब यूपी बदल चुका है, सीएम योगी का नहीं है कोई सानी
दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अभी से शुरू हो गयी हैं। भाजपा यूपी में हैट्रिक लगाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ताजपोशी के बाद योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी फाइनल चरण में है। बीते दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर बीजेपी कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें मंत्रिमंडल के विस्तार और संगठन को धार देने की चर्चा हुई।
बता दें कि वर्तमान में योगी कैबिनेट में 54 मंत्री हैं और अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में 6 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इतना ही नहीं कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। मंत्री बनने की रेस में पश्चिम यूपी से तीन चेहरों का नाम आगे आ रहा है। इसमें से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। इसके अलावा मंत्री बनने की रेस में पश्चिम यूपी के बड़े गुर्जर नेता अशोक कटारिया का भी नाम आगे आ रहा है। लिहाजा अब मंत्री बनने के लिए लखनऊ से दिल्ली तक की रेस भी तेज हो गई है।