गुवाहाटी। भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में 18 बांग्लादेशी नागरिकों को असम के गुवाहाटी में पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने यह कार्रवाई एक होटल में छापेमारी के दौरान की। शुरुआत में मिली जानकारी मुताबिक, पुलिस को इन लोगों के गुवाहाटी में ठहरने की सूचना मिली थी। इस मिली सूचना के आधार पर ही होटल में तलाशी अभियान चलाया गया।
पढ़ें :- पंजाब के मोहाली में स्कूलों और कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके दस्तावेजों की जांच भी की। मिली जानकारी के मुताबिक, इस जांच में उनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद सभी 18 लोगों को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया।
ये लोग भारत में कब और किस रास्ते से दाखिल हुए, गुवाहाटी में उनका ठिकाना कहां था और उन्हें यहां ठहराने में किसी स्थानीय व्यक्ति या गिरोह की भूमिका तो नहीं थी।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान इनके संपर्कों और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही इन लोगों के पास फर्जी पहचान या अन्य दस्तावेज थे या नहीं यह भी पता लगाया जा रहा है।
आपको बता दें कि असम पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब राज्य में अवैध घुसपैठ और संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इस मामले में पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।