Attack on actor Pankaj Tripathi’s brother : बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया। उन पर धारदार हथियार से यह हमला एक पुराने विवाद में किया गया। जिसके बाद बिजेंद्र नाथ तिवारी की हालत गंभीर बतायी जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़ें :- प्रेम संबंध में रोड़ा बना 7 साल का मासूम, मां ने प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या, जंगल में फेंका शव
जानकारी के अनुसार, रविवार को पंकज त्रिपाठी के भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसंड गांव में जानलेवा हमला किया गया। पुराने विवाद के कारण हमलावरों ने बिजेंद्र नाथ को रविवार की रात आरोपियों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से घात लगाकर बैठे थे और घटनास्थल पहुंचते ही उन्होंने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अचानक हुए जानलेवा हमले में बिजेंद्र नाथ गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़े। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा। वहीं, गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।