डिजिटल,पर्दाफाश। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में शुक्रवार तड़के समृद्धि एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धामणगांव रेलवे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही बोलेरो पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर है।
पढ़ें :- महाराष्ट्र के भंडारा में ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी जीप, छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत; 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल
शेगांव से दुर्गा प्रतिमा लेकर वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु
बताया गया है कि पिकअप में सवार लोग शेगांव से दुर्गा प्रतिमा लेकर वर्धा की तरफ लौट रहे थे। वाहन के पीछे एक ट्रॉली भी जुड़ी हुई थी। रात करीब 12:45 बजे जब पिकअप समृद्धि हाईवे के चैनल नंबर 97 के पास पहुंची, तभी पीछे से आए ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में मौजूद कई लोग फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। घायलों को पहले धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर घायलों को आगे के इलाज के लिए वर्धा भेजा गया।
पांच की मौके पर मौत, इलाज के दौरान दो ने दम तोड़ा
पढ़ें :- महाराष्ट्र के ठाणे में सीमेंट मिक्सर ट्रक से टकराई वैन, हादसे में 11 लोगों की मौत
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या सात हो गई। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।