जापान। खेल मंत्रालय ने आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए 492 सदस्यीय मजबूत भारतीय दल को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस महाद्वीपीय खेल महाकुंभ में भारत का सबसे बड़ा भरोसा 73 सदस्यीय एथलेटिक्स दल होगा। इसकी कप्तानी दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा करेंगे। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले इन खेलों में भारतीय खिलाड़ी अपने पिछले ऐतिहासिक प्रदर्शन को और बेहतर करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।
पढ़ें :- ₹3.25 लाख करोड़ की मेगा डील, 114 राफेल सौदे पर फ्रांस का बड़ा प्रस्ताव
नीरज चोपड़ा की स्वर्णिम हैट्रिक पर नजरें
एशियाई खेलों के दो बार के मौजूदा चैंपियन नीरज चोपड़ा इस बार मेंस जैवलिन थ्रो यानी भाला फेंक स्पर्धा में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम हैट्रिक बनाने के इरादे से उतरेंगे। पिछले हांगझोऊ एशियाई खेलों के 16 पदक विजेता खिलाड़ी इस टीम में शामिल हैं, जिनमें नीरज चोपड़ा समेत 5 व्यक्तिगत चैंपियन अपने गोल्ड मेडल को डिफेंड करेंगे। पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में नीरज के साथ देश के उभरते स्टार रोहित यादव भी चुनौती पेश करेंगे, जिन्होंने हाल ही में भुवनेश्वर में 87.68 मीटर का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर सबका ध्यान अपनी ओर खिंचा है।
पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने का संकल्प
हांगझोऊ एशियन गेम्स (2023) में भारतीय एथलीटों ने 29 पदक जिसमें 6 स्वर्ण, 14 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर 1951 के बाद से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। खेल विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार 73 खिलाड़ियों की इस विशाल एथलेटिक्स टीम के दम पर भारत ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में पदकों की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। यह खेल मुख्य ट्रैक एंड फील्ड मुकाबले नागोया के प्रतिष्ठित पालोमा मिज़ुहो स्टेडियम में खेले जाएंगे।