Bangkok Pub Fire : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक मशहूर पब में रविवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों में से 22 की हालत गंभीर है। आग की लपटें तेज़ी से फैलीं और ज़हरीले धुएं के गुबार ने पूरी जगह को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दर्जनों लोग अंदर ही फंस गए। फायरब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए करीब 30 मिनट तक मशक्कत की।
पढ़ें :- कोडरमा में नाबालिग लड़की और दो लड़कों के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार, पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के अनुसार, ये आग दुर्घटना उत्तरी बैंकॉक के ‘ना लादप्राओ’ (Na Ladprao) पब में हुई। फायरब्रिगेड के कर्मचारियों को पब के पिछले हिस्से में मौजूद रेस्टरूम से भी कई शव मिले हैं। बचाव दल का कहना है कि आधी रात को पब आग लगने की सूचना मिली थी। ये लोग आग से बचने के लिए रेस्टरूम की ओर आए थे, लेकिन रास्ता न मिलने की वजह से पीड़ितों की मौत हो गई है। आपातकालीन कर्मियों ने इस घटना की फुटेज ऑनलाइन शेयर की है। जिसमें ‘ना लादप्राओ’ (Na Ladprao) पब के सामने के दरवाजे से आग की लपटें और धुआं निकलते हुए देखा जा सकता है। आसमान में घना काला धुआं उठते ही लोग वहां से भागने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
मौके पर मौजूद एक संगीतकार ने बताया कि उसने स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से अचानक धुआं निकलते देखा था। फिर पब की बिजली गुल हो गई और एक जोरदार धमाका हुआ और गहरा काला धुआं भर गया। जिसके बाद लोगों को भागने का मौका नहीं मिला। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग जान बचाने के लिए पब के मुख्य दरवाजे से भागते नजर आ रहे हैं।