झारखंड के कोडरमा जिले में एक नाबालिग लड़की और दो लड़कों के साथ कथित तौर पर भीड़ ने सार्वजनिक रूप से बदसलूकी की है। इसका मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले का संज्ञान लिया है। रिपोर्टों के अनुसार, तीनों को कथित तौर पर गांव में घुमाया गया और बाद में एक खंभे से बांध दिया गया।
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में एक नाबालिग लड़की और दो लड़कों के साथ कथित तौर पर भीड़ ने सार्वजनिक रूप से बदसलूकी की है। इसका मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले का संज्ञान लिया है। रिपोर्टों के अनुसार, तीनों को कथित तौर पर गांव में घुमाया गया और बाद में एक खंभे से बांध दिया गया।
ऐसा बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया था। इसके बाद कानून को अपने हाथ में लेते हुए भीड़ ने कथित तौर पर उनके साथ सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किया। इस घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल, पुलिस अब वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान कर रही है। वहीं अधिकारियों ने कहा है कि कानून हाथ में लेने और किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार करने की अनुमति किसी को नहीं है। इस संगीन मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा पीड़ित लड़की की पहचान को नाबालिग होने के कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई। साथ ही ये भी पता लगा रही है कि तीनों को इस तरह सार्वजनिक रूप से क्यों प्रताड़ित किया गया।