Bihar Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के अररिया में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, आज बिहार को विकसित बनाने के लिए पहले चरण का वोट पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर बिहार के अलग-अलग कोने से शानदार तस्वीरें आ रही हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। माताएं-बहनें-बेटियां वोट के लिए बड़ी संख्या में बाहर निकल रही हैं। बिहार के नौजवानों में भी अभूतपूर्व उत्साह है। मैं सभी मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं।
पढ़ें :- Women Reservation Bill : प्रियंका गांधी, बोलीं- कांग्रेस सरकार ने आजादी के बाद पहले दिन से महिलाओं को दिलाया वोट का अधिकार, अमेरिका लगे थे 150 साल
उन्होंने आगे कहा, आज पूरे बिहार से एक ही आवाज आ रही है-फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार। बिहार की इसी भावना के पीछे माताओं-बहनों की उम्मीदें हैं और नौजवानों के सपने हैं। नौजवानों, मोदी की ये गारंटी लिख कर रखो-आपका सपना ही, मोदी का संकल्प है। जंगलराज वाले खुद को आपका माई-बाप कहते थे, अपने आप को शहंशाह मानते थे। लेकिन, ये तो मोदी है-मेरे माई-बाप तो आप जनता-जनार्दन हैं, आप ही मेरे मालिक हैं, आप ही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा, आज मैं आपको आपके वोट की ताकत बताता हूं। आपके दादा-दादी, नाना-नानी के एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया था। लेकिन, फिर 90 का दशक आया और बिहार पर RJD के जंगलराज ने हमला कर दिया। जंगलराज मतलब-कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन। ये जंगलराज की पहचान बन गए और ये बिहार का दुर्भाग्य बन गया। आपके माता-पिता के सपने कुचल दिए गए। जंगलराज के दौरान बिहार में हुए विकास का रिपोर्ट कार्ड जीरो है। 1990 से लेकर 2005 तक 15 साल, इस जंगलराज ने बिहार को तबाह कर दिया। सरकार चलाने के नाम पर तब सिर्फ आपको लुटा गया।
साथ ही कहा, NDA की सरकार में नीतीश जी ने बहुत मेहनत से बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला है। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास में नई तेजी आई है। पटना में IIT खुली है, बोधगया में IIM खुला है, पटना में AIIMS खुला है, दरभंगा AIIMS का काम तेजी से चल रहा है, अब बिहार में National Law University भी है, भागलपुर में IIIT भी है, बिहार में 4 सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी स्थापित की गई हैं।
लेकिन, हमारे इन प्रयासों के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती खड़ी है। वो चुनौती है घुसपैठियों की। NDA सरकार पूरी ईमानदारी से एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकालने में जुटी है। लेकिन, ये RJD और कांग्रेस वाले घुसपैठियों को बचाने में जुटे हैं। ये घुसपैठियों को बचाने के लिए भांति-भांति के झूठ फैलाते हैं, लोगों को गुमराह करने के लिए राजनीतिक यात्राएं निकालते हैं।
पढ़ें :- ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप, बोलीं-राज्य में अशांति फैलाने के लिए भाजपा बम लगाने की बना रही है योजना, ताकि मतदाताओं में डर पैदा हो सके
पीएम ने कहा, कांग्रेस हो या RJD, इन्हें देश की सुरक्षा और आस्था से कोई मतलब नहीं है। इसलिए ये लोग हमारी आस्था और संस्कृति का भी अपमान करते हैं। कांग्रेस के नामदार बिहार आकर छठी मईया की पूजा को ड्रामा बताते हैं। ये छठी मईया का, हमारी आस्था का अपमान है। हमारी माताएं-बहनें छठी मईया की आराधना में पानी तक नहीं पीती, ये उसे नौटंकी कहते हैं। और RJD वाले नामदार के मुंह पर ऐसी बात आने पर ताला लग जाता है।