Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का बड़ा दावा, राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे चुनाव

यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का बड़ा दावा, राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे चुनाव

By संतोष सिंह 
Updated Date

लखनऊ। यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अमेठी (Amethi) से लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) लड़ेंगे, क्योंकि अमेठी से नेहरू-गांधी परिवार का पुराना पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने कहा कि ‘गांधी-नेहरू परिवार के अमेठी से पुराने पारिवारिक संबंध हैं, इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता। राहुल गांधी अमेठी से 2024 में चुनाव लड़ेंगे। राय ने कहा कि अमेठी की जनता से उनकी अपील है कि वे राहुल गांधी को फिर से प्रचंड बहुमत से सांसद चुनकर दिल्ली भेजें।

पढ़ें :- राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले भाजपा नेताओं पर भड़के अजय माकन, पुलिस से की शिकायत

नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को दिल्ली से वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हर हर महादेव के नारे के साथ नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में अजय राय ने राहुल गांधी पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे अमेठी से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने पर भी स्थिति साफ करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी जहां से चाहें चुनाव लड़ सकती हैं। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर जमकर निशाना साधा।

भाजपा को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए अजय राय ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर जमकर हुंकार भरी। हर-हर महादेव के नारों के बीच नए प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश और देश से भाजपा को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। राहुल गांधी पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर अजय राय ने ऐलान किया कि राहुल गांधी अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे। वहीं स्मृति ईरानी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बताएं की चीनी 13 रुपये किलो मिलने लगी की नहीं। जनता इस बार महंगाई और बेरोजगारी का पूरा हिसाब करेगी। अजय राय ने कहा कि मैं राहुल गांधी का सिपाही हूं। अगला लोकसभा चुनाव कांग्रेस डंके की चोट पर जीतेगी।

राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने केरल से कश्मीर तक पदयात्रा करके सकारात्मक माहौल बनाया है। अमेठी से बिल्कुल राहुल गांधी ही चुनाव लड़ेंगे। अमेठी के लोग भी आज यहां आए हैं। अजय राय ने कहा कि स्मृति ईरानी कहती थीं कि कमल का बटन दबाइए आपको 13 रुपए में चीनी मिलेगी। आखिर कहां है 13 रुपए की चीनी।  इतना ही नहीं प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी चाहें जहां से चुनाव लड़ें। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आम आदमी प्रियंका गांधी के साथ रहेगा।

पढ़ें :- INDIA को दिया आपका एक-एक वोट,जम्मू कश्मीर को फिर से खुशहाल बनाएगा : राहुल गांधी

अजय राय ने सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर हमला बोलते हुए कहा कि गठबंधन को लेकर भाजपा न ही बोले तो ज्यादा बेहतर है, क्योंकि जिसने सीएम योगी को मठ में भेजने की बात कही थी, पीएम मोदी और अमित शाह को गुजरात वापस भेजने की बात कहते हुए जमकर गालियां दी थीं, आज वह उनके साथ हैं। हालांकि, गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने खुलकर कुछ नहीं बोला। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सबसे पहला कार्यक्रम अजय राय का गाजीपुर का रखा गया।

अमेठी से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के फिर अगला संसदीय चुनाव लड़ने पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है। राहुल गांधी 2019 के चुनावों में बीजेेपी की स्मृति ईरानी से हार गए थे। उससे पहले उन्होंने लगातार तीन बार अमेठी संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उनसे पहले संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी अमेठी से जीते थे। राय ने 2014 के साथ-साथ 2019 में भी वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ा था।

Advertisement