पटना, बिहार: पटना के बाढ़ अनुमंडल में गुरुवार सुबह गंगा नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। उमानाथ इलाके के पास बीच धारा में एक नाव पलटने से अफरा-तफरी मच गई। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार हादसे में 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 4 लोग अब भी लापता हैं। वहीं 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
पढ़ें :- हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: तलाब में नहाने गए तीन मासूमों की डूबकर मौत, पूरे गांव में मातम पसरा
मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30), श्रवण महतो (36) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। श्रवण और काशी पिता-पुत्र थे। हादसे में राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी लोग बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:45 बजे 14 लोग नाव से समस्तीपुर के सुल्तानपुर दियारा गए थे। वहां से खेती और सब्जी का काम निपटाकर लौटने के दौरान तेज हवा और क्षमता से ज्यादा सवारियां होने की वजह से नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव धारा में पहुंचते ही डगमगाने लगी और कुछ ही सेकेंड में पानी में समा गई। तेज बहाव के कारण कई लोग नदी में बह गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मल्लाह और स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद पड़े और 7 लोगों की जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता लोगों की तलाश में जुट गई। शुरुआती जांच में नाव पर सुरक्षा इंतजामों की कमी भी सामने आई है।