नई दिल्ली। बीजेपी अब जेन-जी यानी युवा वोटर्स के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी युवाओं की सोच, उनकी जरूरतों और उनसे जुड़े मुद्दों को समझने के लिए सीधे संवाद का रास्ता अपनाएगी। इसके लिए पार्टी की नई टीम में कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इस टीम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं।
पढ़ें :- अखिलेश के 'चवन्नी से रुपया' बनाने वाली टिप्पणी पर सियासत तेज, जयंत चौधरी के समर्थन में केशव प्रसाद मौर्य और मायावती ने किया पलटवार
शनिवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नितिन नवीन की अध्यक्षता में नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। इसमें आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ और जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। पार्टी की योजनाओं और सरकार के कामकाज को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम सात बजे भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई टीम के सदस्यों से मुलाकात कर सकते हैं। नितिन नवीन ने भाजपा अध्यक्ष बनने के करीब सात महीने बाद 17 अगस्त को अपनी नई टीम का ऐलान किया था।
‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना
बैठक में बीजेपी ने कांग्रेस वर्किंग कमिटी के उस फैसले की भी आलोचना की, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल शुरुआती दो छंद गाने का निर्णय लिया गया है। बीजेपी ने प्रस्ताव पास कर कहा कि राष्ट्रगीत के सभी छह छंद देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत से जुड़े हैं।
पढ़ें :- Sugar Price Hike : कांग्रेस चीफ का मोदी सरकार से सवाल- जब देश में चीनी की कमी है तो गन्ने को E20 बनाने में झोंकने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं?
पार्टी ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान को बनाए रखना जरूरी है और इसे सांप्रदायिक दबाव, राजनीतिक तुष्टीकरण या वोट बैंक की राजनीति से जोड़ने की कोशिशों का विरोध किया जाएगा।
नई टीम में कई पुराने चेहरों की वापसी
17 अगस्त को घोषित भाजपा की नई टीम में 65 सदस्य हैं, जिनमें 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले चार राज्यों से भी 18 नेताओं को संगठन में जगह मिली है। इनमें उत्तर प्रदेश के 8, उत्तराखंड के 4, गुजरात के 4 और पंजाब के 2 नेता शामिल हैं। इस बार 12 महिला नेताओं को जिम्मेदारी दी गई हैं।
नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। इसके अलावा वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं बीजेपी के आईटी सेल में भी बदलाव किया गया है। अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को आईटी सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।