Haryana Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार अंतिम चरण में चल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी है। सोनीपत में जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मुझे रास्ते में एक व्यक्ति ने बताया-‘मैं एक छोटा बिजनेस चलाता हूं, लेकिन हरियाणा सरकार और नरेंद्र मोदी ने मुझे बर्बाद कर दिया। नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और गलत GST लागू की और बैंक के दरवाजे बंद कर दिए। ये सिर्फ अडानी-अंबानी को फायदा पहुंचाना चाहते हैं।’ आज पूरा देश जानता है कि BJP सरकार 2-3 अरबपतियों की मदद करने के लिए चलाई जा रही है।
पढ़ें :- पीएम मोदी किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, 9.3 करोड़ किसानों के खाते में भेजे 2-2 हजार रुपये
हरियाणा के लोग सेना में जाते थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने ‘अग्निवीर योजना’ लाकर इस रास्ते को भी बंद कर दिया है। अग्निवीर योजना हिंदुस्तान के जवानों से पेंशन, कैंटीन और शहीद का दर्जा चोरी करने का तरीका है। हरियाणा में ड्रग्स की समस्या बढ़ती जा रही है। मैं नरेंद्र मोदी जी से पूछना चाहता हूं कि: जब अडानी के मुंद्रा पोर्ट में हजारों किलो ड्रग्स मिली तो आपने किसे पकड़ा और किसे जेल भेजा?
उन्होंने कहा, हिंदुस्तान के दलितों, पिछड़ों, गरीबों को जो भी मिला है, वो सभी संविधान की देन है। लेकिन BJP हमेशा संविधान पर आक्रमण करती रहती है। जब RSS के लोग देश के संस्थानों में अपने लोगों को भरते हैं और गरीबों, वंचितों को जगह नहीं देते-वो संविधान पर आक्रमण करते हैं। जब नरेंद्र मोदी, अडानी-अंबानी की मदद करते हैं और हिंदुस्तान में रोजगार का सिस्टम खत्म करते हैं- वो संविधान पर आक्रमण करते हैं। BJP संविधान को खत्म करती है, हम संविधान की रक्षा करते हैं।
राहुल गांधी ने कहा, आज के हिंदुस्तान में कुछ चुनिंदा अरबपतियों के पास सारा पैसा जा रहा है। वहीं पेट्रोल-डीजल, प्याज जैसी चीजों के दाम बढ़ाकर आपकी जेब से लगातार पैसा निकाला जा रहा है। सच्चाई यही है-किसी एक सामान के लिए जितनी GST अडानी-अंबानी देते हैं, उतनी ही GST देश का सबसे गरीब किसान भी देता है। इसलिए मैंने मन बना लिया है-जितना पैसा नरेंद्र मोदी अडानी-अंबानी को देंगे, उतना ही पैसा हम देश के किसानों, गरीबों और महिलाओं को देंगे।
संविधान में लिखा है- हिंदुस्तान के सभी नागरिक एक समान हैं। लेकिन… जब नरेंद्र मोदी अरबपतियों का लाखों-करोड़ का कर्ज माफ करते हैं और गरीब, महिला, किसान का कर्ज माफ नहीं करते, तो वो संविधान पर हमला है। जब नरेंद्र मोदी अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए तीन काले कानून लाते हैं, तो वो संविधान पर हमला है। नरेंद्र मोदी ने ऐसा ढांचा बना रखा है कि हिंदुस्तान में 25 लोग शादी में हजारों-करोड़ खर्च करते हैं और किसान कर्ज में डूबकर अपने बच्चों की शादी करता है। हम ये बदलना चाहते हैं।
पढ़ें :- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन,सीहोर जिले के जैत गांव में आज ही होगा अंतिम संस्कार
इसके साथ ही कहा, अगर हरियाणा में बेरोजगारी और अपराध पहले नंबर पर है तो उसका कारण नफरत है। जिस दिन यहां मोहब्बत की सरकार बनेगी, उसी दिन से यहां…किसानों को MSP मिलेगी, नौजवानों को प्रदेश में रोजगार मिलेगा और हरियाणा में खुशहाली होगी क्योंकि नफरत को मोहब्बत से ही काटा जा सकता है।