जयपुर। राजस्थान पंचायत चुनावों (Rajasthan Panchayat Elections) में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। ज़िला परिषद चुनावों के अब तक आए नतीजों और रुझानों में कांग्रेस करीब दो-तिहाई ज़िलों में आगे है। राज्य निर्वाचन आयोग (State Election Commission) के अनुसार, राजस्थान के 37 ज़िलों में से कांग्रेस ने 24 में जीत दर्ज की है या बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी आठ ज़िलों में आगे है। वहीं, निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार चार ज़िलों में बढ़त बनाए हुए हैं। एक ज़िले में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है।
पढ़ें :- Big Accident : झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन, आठ मजदूरों की मौत
जयपुर में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहां घोषित 45 ज़िला परिषद सीटों में से कांग्रेस ने 31 पर जीत दर्ज की है। बीजेपी को सिर्फ़ 12 सीटें मिली हैं. बाकी दो सीटों पर अन्य उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। जयपुर ज़िला परिषद (Jaipur District Council) की मौजूदा अध्यक्ष रमा चोपड़ा भी चुनाव हार गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Chief Minister Bhajanlal Sharma) की विधानसभा सीट सांगानेर में भी बीजेपी को झटका लगा है। यहां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने बहुमत हासिल किया है।
पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ी बढ़त बनाई है। राजस्थान की कुल 419 पंचायत समितियों में से अब तक 373 के नतीजे या रुझान सामने आए हैं। इनमें कांग्रेस 194 पंचायत समितियों में जीत चुकी है या आगे चल रही है।बीजेपी 89 समितियों में आगे है। वहीं, निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार 64 समितियों में बढ़त बनाए हुए हैं। बाकी समितियों में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है।
पंचायत चुनावों में कांग्रेस की बढ़त पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण मतदाताओं ने कांग्रेस को भारी जीत दिलाकर बीजेपी सरकार को साफ़ संदेश दे दिया है कि अब उसके जाने का समय आ गया है।
गहलोत ने कहा कि नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया था। लेकिन बीजेपी ने गुंडागर्दी के दम पर जनादेश को हड़पने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार कह रही थी कि गांवों में बीजेपी के ख़िलाफ़ माहौल है। किसान, मज़दूर और महिलाएं समेत सभी वर्ग सरकार की उपेक्षा और वादाख़िलाफ़ी से परेशान हैं। गांवों की समस्याओं को नज़रअंदाज़ करना बीजेपी को भारी पड़ा है।