पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने पीएम मोदी और भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में काफी घबराहट है। ये लोग यह मानकर बैठे हैं कि वो (भाजपा) हार रहे हैं। जनता का मनोबल गिराने के लिए ‘400 पार’ का नारा दे रहे हैं।
पढ़ें :- Kashi Vishwanath Temple CEO : काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ का तबादला, मिली नई जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि, भाजपा के वरिष्ठ नेता लगातार संविधान बदलने और समाप्त करने का दावा कर रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री और इनके शीर्ष नेता इन पर कुछ कारवाई करने की बजाय इसके बदले उन्हें ईनाम स्वरूप चुनाव लड़वा रहे है।
साथ ही कहा कि, ये BJP वाले चाहते क्या हैं? इन्हें संविधान, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और ग़रीबों से समस्या क्या है? संविधान बदल ये इस देश से समता, स्वतंत्रता, बंधुता, सामाजिक न्याय और आरक्षण ख़त्म करना चाहते है। ये लोगों को RSS और पूंजीपतियों का ग़ुलाम बनाना चाहते है।
लालू यादव ने कहा कि, बार बार संविधान बदलने की बात कर ये क्या साबित करना चाहते हैं? हमारा संविधान बाबा साहब अंबेडकर ने लिखा है, किसी ऐरे ग़ैरे बाबा ने नहीं। लोकतंत्र में यकीन रखने वाले इस देश के न्यायप्रिय, अमनपसंद और दलित-पिछड़े तुम्हें औक़ात में ला देंगे। तुम कौन होते हो, संविधान बदलने वाले?