कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) के बाद लगातार मुसीबतें झेल रहीं तृणमूल कांग्रेस के लिए आखिरकार एक राहत भरी खबर सामने आई है। टीएमसी (TMC) ने हाल ही में वेस्ट बंगाल बार काउंसिल पर अपना दबदबा बरकरार रखते हुए 23 में से 15 सीटों पर शानदार जीत हासिल की है। वहीं भाजपा को इस चुनाव में निराशा हाथ लगी है। भारतीय जनता पार्टी बार काउंसिल (Bharatiya Janata Party Bar Council) में महज तीन सीटों पर ही सिमट कर रह गई।
पढ़ें :- दिल्ली हाईकोर्ट की लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर अहम टिप्पणी, कहा- सहमति से वयस्कों का रिश्ता शादी के समान, माता-पिता भी नहीं दे सकते दखल
बता दें कि इससे पहले पश्चिम बंगाल बार काउंसिल (West Bengal Bar Council) की कुल 23 सीटों पर चुनाव हुए थे। बुधवार को इसके नतीजे घोषित कर दिए गए। नतीजों में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) 15 सीटें मिली हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 3 सीटों पर जीत मिली। लेफ्ट फ्रंट भी 3 सीटें ही जीत पाई। वहीं कांग्रेस 2 सीटों पर सिमट गई।
आरक्षित सीटों पर भी टीएमसी का कब्जा
इन चुनावों में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के नए नियमों के मुताबिक 23 में से 5 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई थीं। आरक्षित सीटों में से 4 सीटें टीएमसी (TMC) और 1 सीट कांग्रेस के खाते में गई। अब सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत बार काउंसिल ऑफ इंडिया 2 अन्य महिला सदस्यों को मनोनीत करेगी। इन दो सदस्यों के जुड़ने के बाद वेस्ट बंगाल बार काउंसिल के कुल सदस्यों की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।
पिछले चुनाव में क्या थे नतीजे ?
पढ़ें :- रस्सी जल गई, पर ऐंठन नहीं गई...‘वंदे मातरम्’ मामले को लेकर कांग्रेस पर जमकर बरसे केशव मौर्य
भाजपा को पिछले चुनाव में भी 3 सीटें ही मिली थीं। यानी पार्टी को ना ही कोई फायदा हुआ और ना ही नुकसान। वहीं कांग्रेस भी अपनी 2 सीटों को बचाने में कामयाब रही। हालांकि लेफ्ट को इस चुनाव में नुकसान हुआ। वामपंथी मोर्चे की सीटें पिछले चुनाव के 4 से घटकर 3 रह गईं।
टीएमसी समर्थित वकीलों के खेमे में जश्न का माहौल
नतीजों के बाद टीएमसी (TMC) समर्थित वकीलों के खेमे में जश्न का माहौल है। तृणमूल लीगल सेल के शुभाशीष चक्रवर्ती सबसे बड़े अंतर से जीतने वाले उम्मीदवार बने। उनके अलावा वैश्वानर चटर्जी, अंसार मोंडल, अशोक देब, इंद्रनील बसु और सिद्धार्थ मुखर्जी जैसे प्रमुख टीएमसी उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया। टीएमसी लीगल सेल (TMC Legal Cell) के सदस्य संजय बर्धन ने बताया कि राज्य की तमाम जिला अदालतों में वकीलों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। अब जल्द ही टीएमसी बार काउंसिल (TMC Bar Council) में अपने नए बोर्ड का गठन करेगी।