नई दिल्ली। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता देर रात दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में अचानक पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने कैंपस और आसपास के इलाकों का जायजा लिया और छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
पढ़ें :- सीएम योगी बोले- 2017 से पहले सिफारिशों के आधार पर होती थी नियुक्ति, अब यूपी पुलिस में खिलाड़ियों की सीधी भर्ती…
छात्राओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पुलिस पेट्रोलिंग और कैंपस के आसपास के माहौल को लेकर फीडबैक लिया। छात्राओं ने भी अपनी हर दिन की परेशानियों और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा। साथ ही रेखा गुप्ता ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से भी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और छात्राओं की शिकायतों पर जरूरी कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा।
बता दें कि देर रात मुख्यमंत्री के नॉर्थ कैंपस पहुंचने को लेकर छात्रों के बीच भी काफी चर्चा रही। इस दौरान प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों को कैंपस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और छात्राओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री के इस दौरे का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और छात्राओं से सीधे संवाद के जरिए उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना भी बताया गया।