चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित 800 परिवारों को राहत सामग्री वितरित किए। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं आपदा की इस घड़ी में सभी को आश्वस्त करता हूं कि आप अकेले नहीं हैं। डबल इंजन की सरकार पूरी मजबूती और संवेदनशीलता के साथ आपके साथ खड़ी है।
पढ़ें :- योगी सरकार UPTEN नेटवर्क के जरिए 'गोल्डन ऑवर' में हर साल 12 हजार लोगों की बचाएगी जान, 48 घंटे तक फ्री इमरजेंसी इलाज
उन्होंने कहा, मैं आज आपको आश्वस्त करने आया हूं कि आपदा की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं। परिवार, व्यापारी, मठ-मंदिर और घाट—जहां भी नुकसान हुआ है, सरकार हर संभव सहयोग और सहायता सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, मैंने निर्देश दिए हैं कि बाढ़ या अग्निकांड में किसी गरीब का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर उसे तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास और जमीन का पट्टा उपलब्ध कराया जाए।
वहीं, इसके बाद मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक त्वरित एवं हरसंभव सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम के प्रभावित व्यापारियों तथा मठ-मंदिरों को हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने, राहत किट का वितरण 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण का चिन्हांकन कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई तथा नदी पर बने फुट ओवर ब्रिज का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
पढ़ें :- मरीजों की अनदेखी पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा एक्शन, 26 डॉक्टर हुए बर्खास्त