Congress leader Digvijaya Singh in Ayodhya :कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को रामनवमी के अवसर पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर के दर्शन व पूजा-अर्चना भी की। वहीं, जब दिग्विजय सिंह से पूछा गया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए कब आएंगे। इस पर उन्होंने कहा कि जब उन्हें (राहुल गांधी को) बुलावा आएगा, तो वे ज़रूर आएंगे।
पढ़ें :- Ayodhya News : राम मंदिर के पहले CEO बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, ट्रस्ट के तीन नए सदस्य के नामों का ऐलान
राम मंदिर के दर्शन के दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा, “हर व्यक्ति यहां तभी आता है जब भगवान उसे बुलाते हैं। जब मुझे ‘बुलावा’ आया, तो मैं यहाँ आ गया। अगर आप भगवान राम के दर्शन करने आते हैं, तो हनुमान जी के दर्शन किए बिना रहना मुमकिन नहीं है… कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनी आस्था के अनुसार ‘धर्म’ के मार्ग पर चलता है। हम ‘धर्म’ का दुरुपयोग व्यापार या राजनीति के लिए नहीं करते… धर्म का राजनीतिक दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए, न ही इसका दुरुपयोग व्यापार के लिए होना चाहिए।”
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, “रामनवमी के अवसर पर मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं। भगवान राम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। मैंने कभी भी राम मंदिर का विरोध नहीं किया है। मैंने तो मंदिर के लिए 1.11 लाख रुपये का दान भी दिया था।” गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के तमाम नेता कांग्रेस पर राम विरोधी होने का आरोप लगाते रहे हैं। इसके अलावा, कई मौकों पर राहुल गांधी के राम मंदिर न जाने को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इस पर कांग्रेस कहती रही है कि धार्मिक आस्था निजी विषय है।