जेल में कथित उत्पीड़न और एनकाउंटर के डर को लेकर आजम खान के बयान पर बीजेपी नेता संगीत सोम ने पलटवार किया है। उन्होंने आजम खान को अखिलेश यादव के साथ अयोध्या जाकर राम मंदिर में माफी मांगने की सलाह दी।
UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में आजम खान और बीजेपी नेता संगीत सोम के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जेल में अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न और एनकाउंटर के डर को लेकर आजम खान के बयान पर संगीत सोम ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने न सिर्फ आजम खान पर गंभीर आरोप लगाए, बल्कि उन्हें राम मंदिर जाकर माफी मांगने की सलाह भी दे डाली।
बीजेपी नेता संगीत सोम ने आजम खान पर 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दंगों के दौरान आजम खान के इशारे पर निर्दोष लोगों की जान गई थी। सोम ने कहा कि आजम खान का सफेद कुर्ता वास्तव में खून के दाग से भरा है। उन्होंने यहां तक कहा कि ऐसे व्यक्ति को एनकाउंटर का डर होना स्वाभाविक है।
संगीत सोम ने आजम खान को सलाह देते हुए कहा कि 12 दिसंबर को अखिलेश यादव अयोध्या जाने वाले हैं। ऐसे में आजम खान को भी उनके साथ अयोध्या जाना चाहिए। वहां सरयू में डुबकी लगाकर भगवान राम के मंदिर में माफी मांगनी चाहिए। सोम ने आरोप लगाया कि आजम खान उस कमेटी में शामिल थे, जिसने राम मंदिर का विरोध किया था। उनके मुताबिक, ऐसा करने से आजम खान को अपने कथित पापों का प्रायश्चित करने का मौका मिलेगा।
संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने सपा प्रमुख को ‘कालनेमी’ बताते हुए कहा कि अखिलेश दिन में कुछ और रात में कुछ होते हैं। उन्होंने अखिलेश के अयोध्या दौरे की तारीख पर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्हें 12 दिसंबर की जगह 6 दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए था।
दरअसल, जेल से रिहाई के बाद आजम खान ने आरोप लगाया था कि जेल में उनके साथ कई तरह की ज्यादतियां हुईं और मानवाधिकारों का उल्लंघन किया गया। उन्होंने जेल की कोठरी, खान-पान और इलाज की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए थे। आजम खान ने यह भी दावा किया था कि उन्हें अपने एनकाउंटर का डर सताता था। उन्होंने कहा था कि उन्हें बदला नहीं, बल्कि इंसाफ चाहिए।