नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, 10 वर्षों से आपने चंद पूंजीपति मित्रों की मदद करने के लिए भारत की संस्थानों की स्वायत्तता व स्वतंत्रता को कुचलने की भरपूर कोशिश की है। हमने CBI, ED, RBI, CEC-ये सब में देखा, अब हम SEBI में भी यही झेल रहे हैं।
पढ़ें :- Hockey Junior Asia Cup 2026 : भारत की जीत पर सीएम योगी ने दी बधाई, बोले -प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों के योगदान को बताया प्रेरणादायी
उन्होंने आगे लिखा कि, जो SEBI की पहली lateral entry वाली चेयरपर्सन को बिना किसी तफ्तीश के आपने नियुक्त किया है, उससे SEBI की साख़ पर बदनुमा धब्बा लग गया है। SEBI मध्यम वर्ग व छोटे निवेशकों की गाढ़ी कमाई सुरक्षित करती है, आपके मित्र प्रेम और शायद जानबूझकर की गई इस नियुक्ति से देश के Market Regulator पर भरोसा कम होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, हमारी मांग है कि—सुप्रीम कोर्ट को इन नये ख़ुलासों का अब संज्ञान लेना होगा। SEBI चेयरपर्सन को तत्काल बर्ख़ास्त करना चाहिए और अडानी महाघोटाले की JPC जांच होनी चाहिए। चूंकि SEBI चेयरपर्सन की नियुक्ति मोदी-शाह के नेतृत्व वाली समिति द्वारा की गई थी, इसलिए वे भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े इन नए ख़ुलासों से बच नहीं सकते।