Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कांग्रेस दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण छीनकर उसे धर्म के नाम पर देना चाहती है: पीएम मोदी

कांग्रेस दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण छीनकर उसे धर्म के नाम पर देना चाहती है: पीएम मोदी

By शिव मौर्या 
Updated Date

Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के बीड में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, आज तीसरे फेज का मतदान खत्म होने को है और साथ ही इंडी-अघाड़ी की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं। पहले चरण में इंडी-अघाड़ी पस्त हुआ, दूसरे चरण में ध्वस्त हुआ और आज तीसरे चरण में इंडी-अघाड़ी का कहीं छोटा-मोटा दिया अगर जल रहा था, वो भी बुझ गया है।

पढ़ें :- ED Big Action : आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की ईडी ने अटैच की संपत्ति, बाजार मूल्य 1170 करोड़ रुपये

उन्होंने कहा कि, मोदी, विकसित भारत के मिशन पर निकला हुआ है। इस संकल्प के लिए आज मैं आपसे कुछ मांगने के लिए आया हूं। मुझे आपका आशीर्वाद चाहिए। मेरी विरासत आप ही हैं। आपकी आने वाली पीढ़ियां वही मेरी विरासत है। मैं आपके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निकला हूं। आप सब ही मेरा परिवार हैं- मेरा भारत, मेरा परिवार।

पीएम मोदी ने कहा, इंडी-अघाड़ी का एक ही एजेंडा है-ये सरकार में आएंगे तो मिशन कैंसिल चलाएंगे। इन्होंने कहा कि जब इंडी वाले सरकार में आएंगे तो वो धारा 370 को फिर लाएंगे। मोदी सीएए लाया है तो उसको कैंसिल करेंगे, तीन तलाक के कानून को कैंसिल करेंगे। मोदी जो गरीब को मुफ्त राशन दे रहा है उसको कैंसिल कर देंगे। इतना ही नहीं, इंडी-अघाड़ी वाले राम मंदिर को भी कैंसिल कर देंगे।

साथ ही कहा, एक पुराने कांग्रेसी नेता ने (जो 20-25 साल कांग्रेस में रहे), जिन्होंने कुछ समय पहले ही कांग्रेस छोड़ी है, उन्होंने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि जब कोर्ट का राम मंदिर के पक्ष में फैसला आया था, तब शहजादे ने खास लोगों की एक मीटिंग बुलाई थी। शहजादे ने कहा था कि कांग्रेस सरकार आएगी तो राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पलट देंगे। इंडी अलायंस के एक और नेता ने कहा है कि राम मंदिर तो बेकार है। जबकि किसी और धर्म के लिए ऐसी भाषा सपने में भी बोलने की हिम्मत नहीं दिखा सकते, लेकिन वोट बैंक के लिए ये बार-बार प्रभु श्रीराम और रामभक्तों का अपमान कर रहे हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि, बाबा साहेब अंबेडकर ने दलितों को, पिछड़ों को और आदिवासियों को आरक्षण का अधिकार दिया था। बाबा साहेब ने इस बात का भी पुरजोर विरोध किया था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। लेकिन कांग्रेस पार्टी दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण छीनकर उसे धर्म के नाम पर देना चाहती है। साथ ही कहा, कांग्रेस जहां भी आई है, उसने सपनों को कुचला है। महाराष्ट्र खुद इसका भुक्तभोगी है। इंडी-अघाड़ी ने कभी यहां सूखे की समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। इन्होंने सिर्फ फीते काटे और भ्रष्टाचार किया।

पढ़ें :- अखिलेश यादव, बोले-यूपी एमएलसी चुनाव में भाजपा हो गई ऑल आउट, लखनऊ वाले दिल्ली वालों का नहीं उठा रहे हैं फ़ोन
Advertisement