मानसा। हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा के परिणाम आ गए है, जिसमें मानसा निवासी क्रीमी गर्ग ने राज्य में चौथा रैंक हासिल किया है। इस प्रतिभावान बेटी ने ऐसा काम करके अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। बता दें कि क्रीमी गर्ग हरियाणा सिविल परीक्षा में टाप 10 में शामिल होने वाली छह महिला उम्मीदवारों में से एक है। रिजल्ट घोषित होने के बाद से ही उसके परिवार में खुशी का माहौल है। क्रीमी गर्ग की सफलता के बाद उसके दादा सतपाल अकलिया वाले और पिता राजकुमार के घर बधाइयां मिल रही है। इसके अलावा परिवार व रिश्तेदारों ने क्रीमी गर्ग का मुंह मीठा करवाने के साथ-साथ बधाई भी दी।
पढ़ें :- 15 परीक्षाओं में फेल ,15 साल नेवी में दी सेवा.. अब UPSC CAPF में हासिल की 343वीं रैंक, जानिए मयंक की कहानी
बतौर SDM देंगी सेवाएं
क्रीमी गर्ग का लक्ष्य आईएएस अफसर बनना है, लेकिन वह अब फिलहाल हरियाणा में बतौर एसडीएम अपनी सेवाएं देगी। क्रीमी ने अपने तीन साल के रोजाना 6 से 7 घंटे की कड़ी मेहनत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसमें उनके परिवार का विशेष सहयोग मिला है। बता दें कि क्रीमी की प्राथमिक शिक्षा शहर के डीएवी स्कूल से शुरू हुई है। प्लस टू की शिक्षा उसने एसडी कालेज चंडीगढ़ से की और बीए अर्थशास्त्र की शिक्षा दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कालेज से पूरी की है। इसके बाद अपने घर पर ही सोशल मीडिया से दूरी बनाते हुए हरियाणा सिविल परीक्षा के लिए तैयारी की गई।
निष्पक्ष हो करेंगी न्याय
क्रीमी गर्ग का कहना है कि उनका पहला लक्ष्य बतौर अधिकारी निष्पक्ष होकर लोगों के साथ न्याय करना होगा। शहर के वार्ड नंबर 10 के शक्ति नगर निवासी क्रीमी गर्ग के कारोबारी पिता राज कुमार और माता आशा रानी ने बताया कि क्रीमी से पढ़ाई करते समय कोई काम न लेकर उसे टेबल पर ही सब कुछ मुहैया करवाया जाता था। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पढ़ाई में गहरी रुचि के कारण क्रीमी अपने भाई की शादी का समागम में एक दिन ही उपस्थित रही।
पढ़ें :- 16 साल की उम्र में दुनिया के सबसे युवा पुरुष CA बने लक्ष्मणन मय्यप्पन, जानिए सफलता की पूरी कहानी
जिस वक्त रिजल्ट आया जिम में थीं क्रीमी
उन्होंने आगे बताया कि जिस दिन परिणाम 8 अक्टूबर को इंटरनेट पर घोषित हुआ, उस वक्त क्रीमी जिम गई हुई थी। घर पहुंचते ही उसने इस खुशी को साझा किया। उन्होंने बताया कि बेटी की पढ़ाई के प्रति लगन को देखकर उन्हें यकीन था कि वह इस परीक्षा में रैंक हासिल करेगी। आज एक प्रतिभाशाली बेटी ने उनका सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
क्रीमी की सफलता को लेकर उसके चाचा समाजसेवी सुरेश करोड़ी ने बताया कि हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा मैं रैंक हासिल करना बहुत बड़ी सफलता है, उसकी मेहनत को सलाम है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बेटी ने अपने सभी शौक को दरकिनार करते हुए लगातार रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई की, इसके बाद यह मुकाम हासिल किया है।
आपको बता दें कि क्रीमी गर्ग कि इस कामयाबी पर विधायक डा.विजय सिंगला, बाढ़ पार्षद और नगर कौंसिल अध्यक्ष भूषण मत्ती क्रीमी गर्ग को उसकी कामयाबी पर बधाई दिए। साथ ही कहा कि ऐसे ही बच्चे समाज के अन्य बच्चों के लिए लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं।