Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. डेटिंग ऐप के जरिए 500 महिलाओं को फसाया, प्राइवेट वीडियो वॉयरल करने की धम​की देकर 2 करोड़ ऐंठा

डेटिंग ऐप के जरिए 500 महिलाओं को फसाया, प्राइवेट वीडियो वॉयरल करने की धम​की देकर 2 करोड़ ऐंठा

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Ciber Crime: दिल्ली के दक्षिणी पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो डेटिंग और मैट्रिमोनियल ऐप्स के जरिए महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर देशभर में करीब 500 से अधिक महिलाओं को ठगा और उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये की जबरदस्ती वसूली की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऐप्स पर खुद को डॉक्टर, वकील, बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताकर महिलाओं से संपर्क करता था। धीरे-धीरे वह उनसे बातचीत बढ़ाकर भावनात्मक रिश्ता बना लेता और शादी का झांसा देता था।

पढ़ें :- चोरी का आरोप लगाने वाला ​पीड़ित ही यौन शोषण आरोपी निकला, फोन से 121 अश्लील वीडियो मिले

झांसे में लेकर ठगी का खेल

एक मामले में पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि इंस्टाग्राम पर एक फर्जी प्रोफाइल के जरिए आरोपी ने उससे संपर्क किया। पहले दोस्ती, फिर भरोसा और आखिर में शादी का वादा कर आरोपी ने बातचीत को व्हाट्सएप पर शिफ्ट कर दिया। इसके बाद उसने मेडिकल इमरजेंसी और बिजनेस में नुकसान जैसी झूठी कहानियां बनाकर पीड़िता से पैसे मांगने शुरू किए। विश्वास में आकर पीड़िता ने आरोपी को करीब 7 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया और बाद में झूठी कहानी बनाकर अपनी पहचान ही खत्म कर दी।

बेहद शातिर तरीका, कई फर्जी पहचान

आरोपी की पहचान आनंद कुमार, निवासी 24 परगना उत्तर, पश्चिम बंगाल, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी एक ही समय में कई फर्जी नामों और प्रोफाइल्स का इस्तेमाल करता था। वह अलग-अलग मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और डिवाइस बदलकर अपनी पहचान छिपाता था, ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर सके। वह सोशल मीडिया, डेटिंग ऐप्स और मैट्रिमोनियल साइट्स पर सक्रिय रहता था और खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी लंबे समय तक बातचीत कर पीड़ितों का भरोसा जीतता और फिर उन्हें भावनात्मक रूप से फंसाकर पैसे ऐंठता था।

निजी फोटो-वीडियो से करता था ब्लैकमेल

कई मामलों में आरोपी ने पीड़ितों से बातचीत के दौरान उनकी निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए। बाद में इन्हीं का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था और पैसे देने के लिए मजबूर किया जाता था।आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर थाना पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट्स, मोबाइल नंबर, आईपी लॉग और बैंक लेन-देन का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी से जुड़े मोबाइल नंबरों का पता लगाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से कई अहम सामान बरामद किए हैं, जिनमें 4 स्मार्टफोन, 8 सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड, सोने के ब्रेसलेट और चेन शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी इस तरह के साइबर अपराधों जैसे रोमांस स्कैम, हनी-ट्रैपिंग और ऑनलाइन उगाही में शामिल रह चुका है। अलग-अलग राज्यों में उसने इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

Advertisement