नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) अब काफी तेजी से शक्तिशाली हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह तूफान आने वाले दिनों में बेहद गंभीर रूप ले सकता है। इस चक्रवाती तूफान के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की काफी आशंका है।
पढ़ें :- दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना, AQI 478 तक पहुंचा, इन राज्यों में बर्फबारी, राजस्थान में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते सोमवार यानी 16 नवंबर 2026 की शाम तक चक्रवात अकवान बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय था। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना व्यक्त की गई है।
इसके अलावा मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह चक्रवात 20 नवंबर 2026 की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से नेल्लोर और तुनी के बीच भी टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की काफी आशंका है। इसके साथ ही ओडिशा में भी चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य में 18 नवंबर से बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, 19 से 21 नवंबर के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी समेत दक्षिणी ओडिशा के जिलों पर खाश तौर पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका है। इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने और निचले तटीय इलाकों में जलभराव का खतरा भी जताया गया है।
इस चक्रवात को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश प्रशासन ने सावधानियां तेज कर दी हैं। साथ ही राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग फिलहाल इसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें।