Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Cyclone Arnab : सावधान! आ रहा तबाही का तूफान ‘अर्नब’, यूपी में चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab : सावधान! आ रहा तबाही का तूफान ‘अर्नब’, यूपी में चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ : बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclonic storm ‘Arnab’)  के असर यूपी में दिखना तय है। मौसम विभाग (Meteorological Department) ने 28 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। खासकर 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

पढ़ें :- सैटेलाइट तस्वीरों में बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात अर्नब का खतरनाक रूप दिखा,मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र (Regional Meteorological Centre) की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclonic storm ‘Arnab’) बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के कारण दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

इन जिलों में 28 को बदलेगा मौसम

मौसम विभाग (Meteorological Department)  के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।

29 अक्टूबर को मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर यानी भदोही, जौनपुर और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बांदा, फतेहपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर में भी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया है।

पढ़ें :- चक्रवात अर्नब ने पलटा मौसम, यूपी की राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही है बारिश, सीएम योगी, बोले- 24 घंटे में दो मुआवजा

30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई में बारिश के आसार

30 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है।बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इसके साथ ही देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा और बलरामपुर में भी मौसम का असर दिख सकता है। कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी मौसम बदल सकता है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

31 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग (Meteorological Department)  के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

पढ़ें :- Cyclone Arnab : चक्रवाती तूफान 'अर्नब' दी दस्तक ! इन 17 राज्यों में अगले 48 घंटे होगी आफत की बारिश

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, बिजली कड़कने के समय सुरक्षित जगह पर रहने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि संबंधी काम करने और कटी हुई फसल को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं का असर अलग-अलग जिलों में अलग-अलग हो सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Advertisement