Cyclone Arnab : बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव की वजह से तूफान आने के आसार हैं। समुद्र में हलचल बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर डीप डिप्रेशन (deep depression) बना हुआ है। यह पिछले 6 घंटों में 12 किमी/घंटा की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है।
पढ़ें :- Cyclone Arnab : बड़े विनाश के साथ मॉनसून की हो सकती है वापसी, साल का पहला चक्रवाती तूफान अर्नब 3 राज्यों में मचा सकता है भारी तबाही
गहरे दबाव चक्रवात अर्नब (Cyclone Arnab) में तब्दील होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि ये जरूरी नहीं है कि ये चक्रवात बने। मौसम के इस सिस्टम की वजह से ओडिशा में मंगलवार को तटीय और दक्षिणी इलाकों में भारी बारिश हुई, जिसके मद्देनजर सरकार ने स्कूल बंद कर दिए और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दीं। इसके असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
साथ ही, संभावित आपदा से निपटने की तैयारी के लिए संवेदनशील इलाकों में दलों को तैनात किया गया है।
मौसम विभाग के खराब मौसम जारी रहने के पूर्वानुमान के मद्देनजर खुर्दा, जगतसिंहपुर, गंजाम और गजपति जिला प्रशासन ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने का फैसला किया, जबकि मलकानगिरी में 24 सितंबर तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई है।
आंगनवाड़ी केंद्र 24 सितंबर तक बंद
हालांकि, शिक्षक और अन्य कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित होंगे। प्रधानाचार्यों को रोस्टर के आधार पर ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि स्कूल भवन चौबीसों घंटे खुले रहें और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखे जा सकें. एक अधिसूचना में कहा गया कि 22 सितंबर को निर्धारित राष्ट्रीय ग्रामीण प्रतिभा छात्रवृत्ति परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।