नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में 12वीं की छात्रा ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने साथ एक बोतल में कोई केमिकल या पेट्रोल लेकर स्कूल आई थी। छात्रा की मौत हो गई है। वहीं, कहा जा रहा है कि उसके पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट (Suicide Note) भी मिला है। परिवार के मुताबिक, छात्रा की उम्र 17 साल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें :- पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को मिली मंजूरी, शर्तों के साथ दिल्ली पुलिस ने दी परमिशन
पुलिस के मुताबिक, आज कृष्णानगर स्थित एक स्कूल से आग लगने की घटना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही थाना कृष्णानगर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान स्कूल के गार्ड रूम के पीछे एक 17 वर्षीय छात्रा झुलसी हुई हालत में मिली। पुलिस ने तुरंत स्थिति का जायजा लेते हुए उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
क्राइम टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी सबूत जुटाए। इसके अलावा मृतका के स्कूल बैग और घटनास्थल से कुछ अन्य सामग्री भी बरामद की गई है, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी और विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।