नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 283.61 ग्राम हेरोइन (Smack) बरामद की है। इसकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये आंकी है।
नई दिल्ली। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 283.61 ग्राम हेरोइन (Smack) बरामद की है। इसकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये आंकी है।
बता दें कि पुलिस ने इन आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की है। यह कार्रवाई डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला आकांक्षा यादव के नेतृत्व में की है।
तीन संदिग्धों को टीम ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक, बीते 18 नवंबर को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हैदरपुर विलेज मेट्रो स्टेशन के पास आउटर रिंग रोड पर जाल बिछाया। वहीं दोपहर करीब 2:35 बजे मौके पर पहुंचे तीन संदिग्धों को टीम ने दबोच लिया।
वहीं, इनमें 29 वर्षीय चिरंजी लाल उर्फ मनीष, उसकी पत्नी 22 वर्षीय इशिका और 18 वर्षीय अरमान उर्फ अमन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, कथित तौर पर अरमान नशे की खेप लेने पहुंचा था। साथ ही तलाशी के दौरान पुलिस को 283.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला
इस दौरान काले रंग की टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पिछला कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल, इस मामले में मौर्या एन्क्लेव थाने में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे की खेप के मुख्य सहयोगियों और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।