पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की शाखाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। बैंक की तरफ से जारी आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर से 24 नवंबर के बीच पूरे देश में बैंक की शाखाओं और कार्यालयों पर आगजनी या आग लगाने की कोशिश की कुल 100 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें पेट्रोल बम से हमले की घटनाएं भी शामिल हैं।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की शाखाओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। बैंक की तरफ से जारी आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर से 24 नवंबर के बीच पूरे देश में बैंक की शाखाओं और कार्यालयों पर आगजनी या आग लगाने की कोशिश की कुल 100 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें पेट्रोल बम से हमले की घटनाएं भी शामिल हैं। बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस घटनाक्रम ने नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
15 दिनों में 100 हमले, कई शाखाओं को नुकसान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीण बैंक की इंटरनल ऑडिट एंड कंप्लायंस डिवीजन की 24 नवंबर की रिपोर्ट में 100 घटनाओं का उल्लेख किया गया है। बता दें कि इन हमलों में कुछ बैंक शाखाओं में आग लगाई गई और कुछ जगह पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की कोशिश की गई। इसके अलावा कई स्थानों पर बैंक के दस्तावेज, फर्नीचर और सीसीटीवी उपकरणों को भी बहुत नुकसान पहुंचा है।
बीते 18 नवंबर को हुई घटना बैंक की काशियानी शाखा में विशेष रूप से गंभीर रही। हमलावरों ने कथित तौर पर कार्यालय में लूटपाट की और करीब 40 बोरियों में रखे वाउचर और दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया।
यूनुस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांगी मदद
बांग्लादेश के पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख और ग्रामीण बैंक के संस्थापक मोहम्मद यूनुस ने इन हमलों पर चिंता जताई है। यूनुस ने बीते 23 नवंबर को जारी बयान में कहा कि बैंक की शाखाओं को लगभग हर दिन निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन हमलों के पीछे किसी ऊंचे स्तर से निर्देश दिए जाने की आशंका है। उन्होंने अधिकारियों से हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय और बैंक के समर्थकों से भी इन हमलों को रोकने में मदद करने की अपील की।
शेख हसीना की वापसी से क्यों बढ़ा तनाव?
आपको बता दें कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद भारत में रह रही हैं। अब उन्होंने किसी भी कीमत पर दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने उनकी वापसी से जुड़े पासपोर्ट और पहचान पत्र के अनुरोधों को स्वीकार नहीं किया है। वहीं, हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भी भारत और बांग्लादेश के बीच मामला काफी चर्चा में है। इसी राजनीतिक तनाव के बीच हसीना की पार्टी ‘अवामी लीग’ के समर्थकों के विरोध प्रदर्शनों और देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।
यूनुस के पैतृक घर में भी लगाई गई थी आग
रिर्पोटों के मुताबिक, इससे पहले बीते 18 नवंबर की रात चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर के एक हिस्से में आग लगा दी गई थी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आग एक खाली पड़े कमरे में लगी थी। इस घटना के समय परिवार के सदस्य घर की ऊपरी मंजिल पर सुरक्षित थे। बता दें कि इस घटना के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और सुरक्षा को लेकर सवाल और तेज हो गए।
सरकार ने क्या आंकड़े दिए?
आज यानी 25 नवंबर 2026 को बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार डॉ. जाहेद उर रहमान ने प्रकाशित रिपोर्ट में बताया कि 1 से 23 नवंबर के बीच देशभर में 213 तोड़फोड़ और हिंसा से जुड़ी घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में 121 बम या कॉकटेल विस्फोट और 99 वाहनों में आगजनी की घटनाएं शामिल थीं। इसके अलावा इन घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत और 11 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई।
फिलहाल बांग्लादेश में शेख हसीना की संभावित वापसी, अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों और ग्रामीण बैंक पर लगातार हो रहे हमलों ने राजनीतिक माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है। हालांकि, बैंक पर हुए सभी हमलों के पीछे किसका हाथ है, इसकी स्वतंत्र रूप से अभी पुष्टि नहीं हुई है।