आज यानी 25 नवंबर को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। यहां मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे में अमेरिकी कंपनी बाल बेवरेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट का शिलान्यास किया गया। यह कंपनी करीब 2,913 करोड़ रुपये का निवेश इस परियोजना में करेगी। वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना का शिलान्यास किया।
मेरठ। आज यानी 25 नवंबर को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। यहां मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे में अमेरिकी कंपनी बाल बेवरेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट का शिलान्यास किया गया। यह कंपनी करीब 2,913 करोड़ रुपये का निवेश इस परियोजना में करेगी। वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना का शिलान्यास किया।
बता दें कि इस प्लांट में मुख्य रूप से एल्युमीनियम से पेय पदार्थों के कैन तैयार किए जाएंगे। कंपनी का यह निवेश मेरठ को औद्योगिक पहचान दिलाने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
298 लोगों को मिलेगा रोजगार
साथ ही इस परियोजना के जरिए लगभग 298 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा पेय पदार्थों की पैकेजिंग, परिवहन और भंडारण, पैकेजिंग, इन्वेंट्री तथा डिलीवरी से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिलने की काफी संभावना है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी यूपीडा ने कंपनी को 1,59,028 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की है। इस जमीन की 90 साल की लीज डीड भी पूरी हो चुकी है।
क्या बनाएगी अमेरिकी कंपनी?
आपको बता दें कि यह कंपनी अमेरिकी मूल की बॉल कॉरपोरेशन से जुड़ी है। मेरठ में स्थापित होने वाले प्लांट में कोल्ड ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक और अन्य पेय पदार्थों के लिए एल्युमीनियम कैन बनाए जाएंगे। इस तरह मेरठ में पेय पदार्थों की पैकेजिंग से जुड़ा एक बड़ा औद्योगिक केंद्र विकसित होने की काफी उम्मीद है।
CM योगी ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के विकास और निवेश की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचा है।
साथ ही सरकार का कहना है कि एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारों के विकास से निवेश आकर्षित होगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूती मिलेगी।
किसानों की मांग भी बनी चर्चा का विषय
इस परियोजना के बीच जमीन देने वाले किसानों की मुआवजे से जुड़ी मांगें भी सामने आई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ किसान बाजार मूल्य के आधार पर मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। बता दें कि इस भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम बिजौली के 70 किसानों को भी आमंत्रित किया गया था।
मेरठ के लिए क्यों अहम है यह परियोजना?
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे मेरठ से प्रयागराज तक 11 जिलों में औद्योगिक गलियारे विकसित करने की योजना है। मेरठ के बिजौली और खरखौदा क्षेत्र में पहले चरण में 506 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा विकसित करने की योजना है। ऐसे में यह परियोजना 2,913 करोड़ रुपये की इस औद्योगिक गलियारे में बड़े निवेश की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।