उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक बहुत ही मार्मिक मामला सामने आया है, जहां रिश्तों के विवाद और कथित मारपीट के बाद 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का अपनी मामी के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध का मामला था। ऐसा आरोप है कि इसी बात को लेकर परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद युवक ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में युवक ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपने मामा और दूसरे रिश्तेदारों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक बहुत ही मार्मिक मामला सामने आया है, जहां रिश्तों के विवाद और कथित मारपीट के बाद 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का अपनी मामी के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध का मामला था। ऐसा आरोप है कि इसी बात को लेकर परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद युवक ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में युवक ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपने मामा और दूसरे रिश्तेदारों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला?
रिर्पोटों के मुताबिक, यह घटना फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के गांव भाधऊ की है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था।परिजनों के मुताबिक, सोनू के अपनी मामी के साथ करीब एक साल से कथित प्रेम संबंध थे। ऐसा बताया जा रहा है कि रविवार रात मामी अपने पति से विवाद के बाद सोनू के साथ उसके गांव आ गई थीं। जैसे ही इसकी जानकारी मिली, मामा और परिवार के अन्य सदस्य सोनू के घर पहुंच गए। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
मारपीट और धमकी देने का आरोप
रिर्पोटों में मिली जानकारी के मुताबिक, सोनू के पिता कमलेश का आरोप है कि पुलिस के वापस जाने के बाद मामी को छोड़कर अन्य रिश्तेदारों ने सोनू के साथ ग्रामीणों के सामने मारपीट की। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। वहीं परिजनों का कहना है कि इस घटना से दुखी होकर सोनू सोमवार को घर से निकल गया। बाद में गांव में शिव मंदिर के पास एक पेड़ पर उसका शव मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट में मामा पर गंभीर आरोप
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोनू ने अपनी मौत से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें उसने अपने मामा पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। सोनू ने नोट में पुलिस से अपने मामा के खिलाफ कार्रवाई करने और मामी से पूछताछ करने की मांग भी की थी।
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इस घटना ने गांव में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट और धमकी के आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।