दिल्ली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर में घुसे उनके कथित एकतरफा प्रेमी अभिनव की 15 नवंबर को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने नेहा के पिता और एक पड़ोसी को गैर इरादतन हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है।
Neha Bisht: सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स… रील्स पर लाखों व्यूज और जिंदगी में शादी की नई शुरुआत की तैयारी। लेकिन इसी बीच एक ऐसा शख्स सामने आया, जिसका जुनून एकतरफा प्यार में बदल चुका था। वह चेन्नई से दिल्ली पहुंचा और सीधे नेहा बिष्ट के घर में घुस गया। आरोप है कि इसके बाद घर में ऐसा विवाद हुआ, जिसका अंत युवक की मौत से हुआ। अब इस मामले में पुलिस ने नेहा के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान अभिनव के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था और चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, अभिनव सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट से एकतरफा प्यार करता था और उनसे शादी करना चाहता था। लेकिन नेहा उसे जानती तक नहीं थीं।
नेहा के मुताबिक, जुलाई में उनकी सगाई की जानकारी सोशल मीडिया पर आने के बाद उन्हें अनजान अकाउंट से लगातार मैसेज मिलने लगे। 10-11 जुलाई को अभिनव पहली बार उनके घर पहुंचा था। उस वक्त उसने प्यार का इजहार करते हुए शादी का विरोध किया था। तब परिवार और पड़ोसियों ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था।
नेहा का आरोप है कि 7 नवंबर को अभिनव दोबारा उनके घर पहुंचा। वह नशे में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। उसने उनके पिता से भी विवाद किया। नेहा का दावा है कि अभिनव को सिर में चोट गिरने की वजह से लगी, न कि उनके पिता या पड़ोसियों की पिटाई से। हालांकि, पुलिस को मौके पर अभिनव की पीठ और दाएं पैर में गंभीर चोटें मिली थीं। उसे राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल जांच का मुख्य सवाल यही है कि अभिनव की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी चोटों के लिए कौन जिम्मेदार है।