दवा माफिया अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ की कुर्सी पर बैठाने के लिए मोटी रकम भी खर्च करते हैं। करीबियों के सीएमओ बनने के बाद उनके जिलों में दवा माफिया मनमाने तरीके से अपनी और अपने करीबियों की फर्मों के लिए काम लेते हैं। सबसे अहम ये है कि, ज्यादातर दवा माफिया एक दूसरे से जुड़े हुए हैं और करीबियों के सीएमओ बनने के बाद एक दूसरे की फर्मों को भी खूब लाभ पहुंचाने का खेल करते हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में दवा माफियाओं का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है। मानों दवा माफियाओं के इशारों पर ही पूरा स्वास्थ्य विभाग संचालित हो रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारियों (CMO) के तबादलों में अब इनकी भूमिका और ज्यादा बढ़ती जा रही है। अब प्रदेश के कई जिलों में सीएमओ की तैनाती होनी है, इससे पहले प्रदेश के दो दवा माफिया पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं और अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ बनवाने के जुगाड़ में जुट गए हैं।
सूत्रों की माने तो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, हरदोई, इटावा, बहराइच, गाजीपुर, रायबरेली, औरैया, देवरिया, गोरखपुर, ललितपुर और भदोही में नए मुख्य चिकित्साधिकारियों (CMO) की तैनाती होनी है। इसके लिए प्रदेश के दो दवा माफिया पूरी तरह से कमर कस लिए हैं और अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ बनवाने के जुगाड़ में जुट गए हैं। यही नहीं इनकी तैनाती के लिए दवा माफिया खुद ही मोटी रकम देने को तैयार है।
पर्दाफाश के पास इन दवा माफियाओं द्वारा जिन डॉक्टरों को सीएमओ बनवाया जा रहा है उसकी लिस्ट हाथ में लगी है। लिस्ट के मुताबिक, दवा माफियाओं के इशारों पर डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी, डॉ. दिव्या वर्मा, डॉ. आनंद प्रकाश वर्मा, डॉ. आत्मा प्रकाश तिवारी, डॉ. रामानंदसिद्धार्थ, डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. कामता प्रसाद तिवारी, डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, डॉ. अजय प्रताप शुक्ला, डॉ. सुकेश गुप्ता, डॉ. संदीप कुमार सिंह और डॉ ऋषि सहाय को मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) बनाया जा रहा है। ये सभी डॉक्टर दवा माफियाओं के करीबी हैं, जिनको जल्द ही नए जिलों में सीएमओ की तैनाती मिल जाएगी। ऐसे में सवाल उठता है कि, क्या दवा माफियाओं के ही इशारों पर सीएमओ की तैनाती की जाएगी? पर्दाफाश जल्द ही दोनों दवा माफियाओं के नाम को उजागर करेगी, जिनके इशारों पर सीएमओ के ट्रांसफर होने जा रहे हैं।
करीबियों को सीएमओ बनवाने में खर्च करते हैं मोटी रकम
सूत्रों की माने तो दवा माफिया अपने करीबी डॉक्टरों को सीएमओ की कुर्सी पर बैठाने के लिए मोटी रकम भी खर्च करते हैं। करीबियों के सीएमओ बनने के बाद उनके जिलों में दवा माफिया मनमाने तरीके से अपनी और अपने करीबियों की फर्मों के लिए काम लेते हैं। सबसे अहम ये है कि, ज्यादातर दवा माफिया एक दूसरे से जुड़े हुए हैं और करीबियों के सीएमओ बनने के बाद एक दूसरे की फर्मों को भी खूब लाभ पहुंचाने का खेल करते हैं।
दवा माफियाओं के आगे क्यों नतमस्तक है स्वास्थ्य विभाग?
स्वास्थ्य विभाग में दवा माफियाओं का वर्चस्व काफी ज्यादा है। बिना दवा माफियाओं की मंजूरी के एक भी ट्रांसफर पोस्टिंग नहीं हो सकती है। हाल में हुए सभी सीएमओ के ट्रांसफर में इनका दबदबा देखने को मिला था। पर्दाफाश ने पहले भी दवा माफियाओं और स्वास्थ्य विभाग के गठजोड़ को उजगार किया था।