केंद्र सरकार ने GST रजिस्ट्रेशन बंद कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। अब कारोबारियों को अपना GST रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए हर मामले में टैक्स अधिकारी के पास मंजूरी का इंतजार नहीं करना होगा। रजिस्ट्रेशन सिस्टम के जरिए 1 दिसंबर 2026 से लागू होने वाले नए नियमों के तहत पात्र कारोबारियों का GST अपने आप रद्द किया जा सकेगा।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने GST रजिस्ट्रेशन बंद कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। अब कारोबारियों को अपना GST रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए हर मामले में टैक्स अधिकारी के पास मंजूरी का इंतजार नहीं करना होगा। रजिस्ट्रेशन सिस्टम के जरिए 1 दिसंबर 2026 से लागू होने वाले नए नियमों के तहत पात्र कारोबारियों का GST अपने आप रद्द किया जा सकेगा।
रिर्पोटों से मिली जानकारी के मुताबिक, वित्त मंत्रालय के केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने बीते 25 नवंबर 2026 को Notification No. 08/2026-Central Tax जारी किया है। इसके तहत CGST Rules, 2017 के Rule 20 में बदलाव किया गया है। ये नए प्रावधान 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।
क्या है नया नियम?
नए नियम के अनुसार, यदि कोई कारोबारी GST रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए आवेदन करता है और उसने सभी जरूरी रिटर्न समय पर दाखिल कर दिए हैं। इसके साथ ही बकाया टैक्स, ब्याज, फीस और पेनल्टी का भुगतान कर दिया है, तो पोर्टल के जरिए उसका रजिस्ट्रेशन GST इलेक्ट्रॉनिक रूप से रद्द किया जा सकेगा। ऐसे मामलों में रजिस्ट्रेशन रद्द होने की सूचना कारोबारी को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से FORM GST REG-38 में दी जाएगी। इससे पात्र कारोबारियों को अनावश्यक कागजी कार्रवाई और अधिकारी की मंजूरी के इंतजार से राहत मिलेगी।
किन शर्तों को पूरा करना होगा?
नए नियम का लाभ लेने के लिए कारोबारियों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी:
1. GST रजिस्ट्रेशन रद्द कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।
2. आवेदन की तारीख तक देय सभी जरूरी GST रिटर्न दाखिल होने चाहिए।
3. बकाया टैक्स, ब्याज, फीस और पेनल्टी का भुगतान करना होगा।
4. यदि लागू हो तो FORM GST CMP-08 से जुड़ी जरूरी स्टेटमेंट भी जमा करनी होगी।
5. यदि जरूरी रिटर्न दाखिल नहीं किए गए हैं या कोई बकाया भुगतान बाकी है, तो आवेदन संबंधित टैक्स अधिकारी के पास जांच के लिए भेजा जाएगा।
किन कारोबारियों को मिलेगा फायदा?
यह बदलाव उन कारोबारियों के लिए खास राहत लेकर आया है, जिन्होंने अपना व्यवसाय बंद कर दिया है और साथ ही अपना कारोबार किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर कर दिया है या अब वे GST रजिस्ट्रेशन के दायरे में नहीं आते हैं। बता दें कि पहले कुछ मामलों में ₹2.5 लाख की मासिक टैक्स देनदारी से जुड़ी शर्त और GSTR-10 दाखिल करने की अतिरिक्त प्रक्रिया के कारण ऑटोमैटिक कैंसिलेशन में बाधा आती थी। अब नए संशोधित नियमों में Rule 20 के तहत इनकी जगह रिटर्न और बकाया भुगतान की शर्तों पर जोर दिया गया है।
आवेदन कैसे करना होगा?
कारोबारियों को GST पोर्टल पर लॉगिन करके Services के Registration सेक्शन में जाना होगा। यहां FORM GST REG-16 के जरिए रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आवेदन किया जा सकता है। आवेदन में रजिस्ट्रेशन बंद करने का कारण, प्रभावी तारीख, स्टॉक और संबंधित टैक्स देनदारियों की जानकारी देनी होगी।
इसमें ध्यान देनेवाली बात यह है कि GST रजिस्ट्रेशन रद्द होने से पुराने टैक्स या अन्य कानूनी देनदारियां समाप्त नहीं होती हैं। उनका भुगतान करना जरूरी रहेगा। इस तरह 1 दिसंबर से लागू होने वाला नया नियम छोटे कारोबारियों और अपना व्यवसाय बंद करने वाले टैक्सपेयर्स के लिए प्रक्रिया को अधिक आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम है।