सड़क पर सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक एक कार डिवाइडर से टकराई और हवा में उछलती हुई दूसरी तरफ जा गिरी। इसके बाद कार एक-दो नहीं, बल्कि चार से पांच बार पलटी। मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों के होश उड़ गए।
CCTV Accident Video: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक भीषण सड़क हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है। तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर हवा में उछलकर दूसरी तरफ जा गिरी। इसके बाद कार सड़क पर चार से पांच बार पलटी। हादसे का वीडियो इतना खौफनाक है कि इसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा 14 नवंबर की देर रात उन्नाव की सदर कोतवाली क्षेत्र में आदर्श नगर-गांधी नगर-गदनखेड़ा रोड पर हुआ था। जानकारी के मुताबिक, पंच कार गदनखेड़ा से गांधी नगर चौराहे होते हुए जिला अस्पताल की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलकर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई और कई बार पलट गई।
उन्नाव मे तेज रफ्तार टाटा पंच डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलटी, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा। सदर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर में चंद्रलोक गार्डन के सामने हुआ हादसा।अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलटकर दूसरी लेन में जा गिरी। https://t.co/3whDvnSPyA
— SATYAM BAJPAI ( India news ) (@satyambjp482) November 20, 2026
कार में चालक दीपक सिंह के अलावा वंश त्रिपाठी और अमित पाल सवार थे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में भी घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह चालक को अचानक नींद आना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इतनी भयानक टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं गई। अब हादसे का CCTV फुटेज सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में है।